अगले तीन महीने में बंपर भर्तियां होंगी।
- फोटो : अमर उजाला
रोजगार के मोर्चे पर एक अच्छी खबर है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में 38 फीसदी कंपनियां अगले तीन महीने में और भर्तियां करने की तैयारी कर रही हैं। इसमें अप्रैल-जून तिमाही के दौरान नियोक्ताओं द्वारा नियुक्ति गतिविधियां तेज रहने का अनुमान जताया गया है।
3090 नियोक्ताओं की राय शामिल
मंगलवार को जारी हुए मैनपॉवरग्रुप रोजगार परिदृश्य सर्वेक्षण के 60वें सालाना संस्करण में यह बड़ी बात सामने आई है। इस सर्वे में देशभर के 3,090 नियोक्ताओं की राय को शामिल किया गया। सर्वे रिपोर्ट में कहा गया कि विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्ति गतिविधियां पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले कहीं अधिक मजबूत हैं। हालांकि तिमाही के आधार पर देखा जाए तो अनुमान है कि जनवरी-मार्च तिमाही के मुकाबले शुद्ध रोजगार परिदृश्य में 11 प्रतिशत की कमी आ सकती है।
55 फीसदी नियोक्ताओं ने कही ये बात
रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल-जून तिमाही के लिए सर्वे में शामिल किए गए 55 फीसदी नियोक्ताओं ने उम्मीद जताई है कि पेरोल बढ़ेगा, जबकि 17 फीसदी ने कहा कि इसमें कमी आएगी। वहीं इसके विपरीत 36 फीसदी का अनुमान है कि इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। इस तरह शुद्ध रोजगार परिदृश्य 38 फीसदी है। मैनपॉवरग्रुप के समूह प्रबंध निदेशक संदीप गुलाटी ने कहा कि देश कोरोना महामारी के प्रकोप से तेजी के साथ उबर रहा है। सोमवार को आरबीआई गवर्नर ने भी अर्थव्यवस्था के बेहतर स्थिति में होने की बात कही।
आईटी-टेक के लिए परिदृश्य मजबूत
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत सूचना प्रौद्योगिकी और प्रौद्योगिकी संसाधनों के मुख्य स्रोत के रूप में आगे बढ़ता रहेगा। सर्वेक्षण के मुताबिक आईटी और प्रौद्योगिकी भूमिकाओं के लिए परिदृश्य सबसे मजबूत 51 फीसदी है, इसके बाद रेस्टोरेंट और होटल के लिए 38 फीसदी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कार्य और सरकारी नियुक्ति संबंधी परिदृश्य 37 फीसदी है।