फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वित्त मंत्रालय: महंगाई का दबाव, फिर भी मजबूत रहेगी अर्थव्यवस्था की रफ्तार; रिपोर्ट ने साफ की तस्वीर

Sat, 28 Nov 2026 03:12 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • वित्त मंत्रालय की मासिक आर्थिक समीक्षा के अनुसार, भारत की विकास रफ्तार तीसरी तिमाही में मजबूत रहेगी, हालांकि शादियों और त्योहारी मांग से खुदरा महंगाई बढ़ सकती है।
  • नए ऑर्डरों में तेजी और इनपुट लागत के दबाव में कमी के चलते कारोबारी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में उपभोग मांग अर्थव्यवस्था को सहारा दे रही है। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।
विज्ञापन
भारतीय अर्थव्यवस्था पर वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट। - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव और व्यापारिक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (Q3 FY27) में अपनी विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। 

विज्ञापन


वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग (डीईए) द्वारा जारी नवंबर 2026 की मासिक आर्थिक समीक्षा के अनुसार, टैक्स कलेक्शन, माल ढुलाई, ऊर्जा खपत और वस्तुओं की आवाजाही जैसे प्रमुख हाई-फ्रीक्वेंसी संकेतक लगातार विस्तार का संकेत दे रहे हैं। हालांकि, त्योहारी और शादियों के सीजन के कारण आने वाले महीनों में खुदरा महंगाई में तेजी का जोखिम भी बना हुआ है।

अर्थव्यवस्था की जमीनी रफ्तार कैसी है?

रिपोर्ट के मुताबिक, नए ऑर्डरों में तेजी और इनपुट लागत के दबाव में कमी के चलते कारोबारी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में उपभोग मांग अर्थव्यवस्था को सहारा दे रही है। वाहनों की बिक्री में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है और ग्रामीण खर्च में मजबूती बनी हुई है। रबी सीजन के लिए उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, हालांकि बुवाई अभी शुरुआती दौर में है और जलाशयों का जलस्तर पिछले साल की तुलना में कम है।

औद्योगिक उत्पादन और कोर सेक्टर का क्या हाल है?

उद्योग और मैन्युफैक्चरिंग मोर्चे पर मिले-जुले लेकिन सकारात्मक आंकड़े सामने आए हैं:

  • औद्योगिक उत्पादन (IIP): सितंबर में औद्योगिक उत्पादन 6.7 प्रतिशत की दर से बढ़ा, जिसमें मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर मुख्य चालक रहा। हालांकि अक्तूबर में मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई (PMI) मामूली धीमी हुई, पर यह विस्तार क्षेत्र में बनी रही।
  • कोर इंडस्ट्रीज इंडेक्स: अक्तूबर 2026 में आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों के सूचकांक में सालाना आधार पर 10.9 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की गई, जिससे अप्रैल-अक्तूबर अवधि की संचयी वृद्धि 6.0 प्रतिशत पर पहुंच गई।
  • बैंक क्रेडिट और नीतिगत सहायता: उद्योग और बुनियादी ढांचे को दिए जाने वाले बैंक ऋण और इस्पात की खपत में बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही सरकार क्रिटिकल मिनरल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, एनर्जी स्टोरेज और कंटेनर निर्माण में क्षमता विस्तार पर जोर दे रही है।

महंगाई को लेकर क्या चिंताएं हैं?

अक्तूबर 2026 में खुदरा महंगाई 55 आधार अंक बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई, जिससे यह दो साल में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 6 प्रतिशत के ऊपरी दायरे को पार कर गई। इस उछाल की मुख्य वजह खाद्य कीमतों में तेजी और प्रतिकूल बेस इफेक्ट रहा। हालांकि, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) बास्केट की आधी से अधिक वस्तुओं में महंगाई अभी भी 4 प्रतिशत के लक्ष्य से नीचे है।

नवंबर तक खिंचे त्योहारी सीजन और शादियों के सीजन की शुरुआत के कारण खाद्य और गैर-खाद्य दोनों श्रेणियों में मांग बढ़ने से आने वाले महीनों में महंगाई पर दबाव रह सकता है। साथ ही, विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने चेतावनी दी है कि 2026 के अंत तक एक अत्यधिक मजबूत 'अल नीनो' चरम पर पहुंच सकता है। हालांकि, 0.8 डिग्री सेल्सियस पर स्थित इंडियन ओशन डिपोल (IOD) इंडेक्स इसके असर को काफी हद तक संतुलित कर सकता है।

कच्चे तेल और विदेशी व्यापार से कितनी राहत?

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है और शुरुआती नवंबर में इसके बेंचमार्क 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए हैं। विदेशी पूंजी प्रवाह के दम पर रुपये में मजबूती आने से आयातित महंगाई को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

बाहरी क्षेत्र में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है:

  • रिकॉर्ड निर्यात: अक्तूबर 2026 में देश का वस्तु निर्यात 45 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ 49.5 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे उच्चतम मासिक स्तर है।
  • व्यापार संतुलन: सेवा व्यापार के मजबूत सरप्लस ने अक्तूबर में वस्तु व्यापार घाटे के 49.6 प्रतिशत हिस्से की भरपाई की।
  • मजबूत बफर: 13 नवंबर 2026 तक देश का विदेशी मुद्रा भंडार 705.3 अरब डॉलर रहा, जो 10 महीने के आयात के लिए पर्याप्त है।

आगे की राह क्या संकेत दे रही है?

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य में शिपिंग जोखिमों के बावजूद, मजबूत घरेलू बुनियादी ढांचे और 705.3 अरब डॉलर के पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार के दम पर भारतीय अर्थव्यवस्था वैश्विक चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए बेहतर स्थिति में है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें