फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

India Pakistan Tension: तुर्किये और अजरबैजान के लिए हवाई टिकट की बुकिंग बंद, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

Fri, 09 May 2025 03:48 PM IST
बशु जैन बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बढ़ते तनाव के बीच तुर्किये और अजरबैजान पाकिस्तान का समर्थन कर रहे हैं। इसके चलते ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफार्म ने दोनों देशों के लिए टिकट की बुकिंग रद्द कर दी है। साथ ही यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। 
विज्ञापन
हवाई जहाज (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर यात्रा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफार्म ने तुर्किये और अजरबैजान के बीच हवाई टिकटों की बुकिंग बंद कर दी गई है। इसके साथ ही यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। यात्रियों को तुर्किये और अजरबैजान की यात्रा न करने की सलाह दी गई है। बताया जा रहा है कि दोनों देश पाकिस्तान का समर्थन कर रहे हैं। इसके अलावा भारतीयों से संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा की योजना बनाने से पहले सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। 
विज्ञापन


ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफार्म कॉक्स एंड किंग्स ने कहा कि हमने अजरबैजान, उज्बेकिस्तान और तुर्किये के लिए सभी यात्रा टिकट बुकिंग को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है। कॉक्स एंड किंग्स के निदेशक करण अग्रवाल ने कहा कि यह निर्णय हमारे और देश के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सिद्धांतों को बनाए रखने की हमारी प्रतिबद्धता से प्रेरित है। हम भारतीय यात्रियों को भी सलाह देते हैं कि वे हालात को देखते हुए बहुत जरूरी न होने तक इन देशों की यात्रा से बचें।

ये भी पढ़ें: 'घबराने की जरूरत नहीं', तेल कंपनियों ने कहा- पर्याप्त स्टॉक, खरीदने की जल्दबाजी न करें
विज्ञापन


ईजमाई ट्र्रिप ने भी जारी की एडवाइजरी
ईजमाई ट्रिप ने एक्स पर यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि पहलगाम हमले और भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बाद यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की जाती है। तुर्किये और अजरबैजान ने पाकिस्तान के लिए समर्थन दिखाया है। इसलिए हम सलाह देते हैं कि यात्री  केवल तभी यात्रा करें जब बहुत आवश्यक हो। ईजमाई ट्रिप के संस्थापक और अध्यक्ष निशांत पिट्टी ने  कहा कि हम मौजूदा हालात को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने अपने सभी ग्राहकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा की योजना बनाने से पहले आधिकारिक यात्रा सलाह से अपडेट रहने की सलाह दी है।

ट्रावोमिंट ने बंद किए पैकेज
ट्रावोमिंट कंपनी ने भी तुर्किये और अजरबैजान के बहिष्कार के आह्वान का समर्थन किया। कंपनी ने इन दोनों देशों के लिए सभी यात्रा पैकेजों की बिक्री निलंबित कर दी है। ट्रावोमिंट के चेयरमैन और सीईओ आलोक के सिंह ने कहा कि पाकिस्तान, तुर्किये और अजरबैजान जैसे देशों के साथ बढ़ते तनाव को लेकर हमने कड़ा रुख अपनाया है। हमने तुर्किये और अजरबैजान के बहिष्कार के भारतीयों के आह्वान का समर्थन करने का फैसला किया है। ट्रावोमिंट ने तत्काल प्रभाव से इन देशों के लिए सभी यात्रा पैकेजों की बिक्री बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि तुर्किये और अजरबैजान के लिए मौजूदा बुकिंग पर कोई रद्दीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति या तत्काल आवश्यकता के लिए आपातकालीन उड़ान बुकिंग उपलब्ध होगी।

ये भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान तनाव से रक्षा कंपनियों को फायदा, आइडिया फोर्ज टेक के शेयरों में भारी उछाल
विज्ञापन


कई राज्यों में होटल की बुकिंग रद्द
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के उपाध्यक्ष और होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (पश्चिमी भारत) एचआरएडब्ल्यूआई के प्रवक्ता प्रदीप शेट्टी ने बताया कि राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों में होटलों में बुकिंग रद्द कर दी गई है। कार्यक्रम रद्द किए जा रहे हैं। हम स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं। 

ऑपरेशन सिंदूर के जरिये भारत ने दिया जवाब
पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों पर हमले किए। इसके बाद पाकिस्तान ने एक दर्जन से अधिक शहरों और कस्बों में भारतीय सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों को छोड़ने का प्रयास किया। भारतीय सेना ने हमलों का करारा जवाब दिया। 

संबंधित वीडियो

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें