फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Semiconductor: भारत इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरा, जानिए क्यों बोले अश्विनी वैष्णव

Sat, 21 Feb 2026 06:05 PM IST
रिया दुबे बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में HCL-फॉक्सकॉन की ‘इंडिया चिप’ सेमीकंडक्टर परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में वर्चुअली हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना देश में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करेगी।

विज्ञापन
पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री वैष्णव - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में एचसीएल-फॉक्सकॉन संयुक्त उद्यम परियोजना इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के ग्राउंडब्रेकिंग समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। यह परियोजना देश में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विज्ञापन


इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर एक बुनियादी तकनीक है, जिसके विकसित होने से देश में कई तरह के विनिर्माण क्षेत्रों का विस्तार संभव होता है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग बहु-स्तरीय ढांचे की तरह होता है और अब यह काम जेवर की इस भूमि पर आगे बढ़ेगा, जिससे भारत के तकनीकी और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

भारत के कुल निर्यात में इलेक्ट्रॉनिक्स तीसरे स्थान पर आ गया

वैष्णव ने यह भी कहा कि पिछले करीब 11.5 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरा है। जहां पहले देश में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग नगण्य थी, वहीं अब इसका आकार करीब 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और भारत के कुल निर्यात में इलेक्ट्रॉनिक्स तीसरे स्थान पर आ गया है।

21वीं सदी की ताकत सेमीकंडक्टर है- पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में सेमीकंडक्टर वही ताकत रखते हैं, जो 20वीं सदी में तेल के पास थी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान छोटे से चिप की सप्लाई चेन की कमजोरी ने दुनिया को इसकी अहमियत समझाई और भारत ने इस चुनौती को अवसर में बदलते हुए चिप निर्माण में आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य तय किया है।

भारत के लिए टेक-एड का दशक

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दशक भारत के लिए टेक-एड का दशक है और इस दौर में तकनीक के क्षेत्र में किए गए काम 21वीं सदी में देश की ताकत की नींव बनेंगे। उन्होंने बताया कि भारत ने सेमीकंडक्टर सेक्टर में भले देर से शुरुआत की हो, लेकिन अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और सेमीकंडक्टर मिशन के तहत अब तक 10 फैब्रिकेशन और पैकेजिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें से चार इकाइयों में जल्द उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश को भारत के सेमीकंडक्टर सिस्टम का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर बताते हुए कहा कि HCL-फॉक्सकॉन की फैक्ट्री से राज्य की तकनीकी पहचान और मजबूत होगी। एक सांसद के रूप में उन्होंने इसे गर्व का क्षण भी बताया।

एआई इम्पैक्ट समिट में दुनिया ने भारत की एआई क्षमता देखी

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि 2026 की शुरुआत से भारत ने विकास की रफ्तार और तेज की है और हाल ही में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में दुनिया ने भारत की एआई क्षमता और दृष्टि को देखा और सराहा। उन्होंने जोर दिया कि भारत आधुनिक दुनिया की प्रोसेसिंग पावर की जरूरतों को पूरा करने के लिए सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों क्षेत्रों में एक साथ काम कर रहा है।

यूपी देश के तकनीकी भविष्य को नई दिशा देगा

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मंत्री जी के आभारी हैं, जिन्होंने देश को उभरती प्रौद्योगिकियों के नए केंद्र के रूप में स्थापित किया है। और यहां स्थापित सेमीकंडक्टर यूनिट राज्य और देश के तकनीकी भविष्य को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि पहले यह क्षेत्र अव्यवस्था और अपराध के लिए जाना जाता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में यह क्षेत्र विकास और तकनीकी प्रगति का प्रतीक बन रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें