फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Export: दिसंबर में निर्यात बढ़कर रिकॉर्ड 37.29 अरब डॉलर, पिछले महीने से 37 फीसदी की दर्ज की गई बढ़ोतरी

Mon, 03 Jan 2022 07:23 PM IST
Amit Mandal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हम 400 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल करने की राह पर हैं।
विज्ञापन
पीयूष गोयल - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश का निर्यात दिसंबर, 2021 में 37 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 37.29 अरब डॉलर पहुंच गया। यह किसी एक महीने में निर्यात का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। वाणिज्य मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 2021-22 के शुरुआती नौ महीने (अप्रैल-दिसंबर) में निर्यात 300 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गया है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में रिकॉर्ड 103 अरब डॉलर का निर्यात हुआ था।

विज्ञापन

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि निर्यात अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। चालू वित्त वर्ष में देश का वस्तुओं का निर्यात 400 अरब डॉलर के अपने लक्ष्य के पार पहुंच जाएगा। आंकड़ों के मुताबिक, 2021-22 के अप्रैल-दिसंबर अवधि के दौरान निर्यात का आंकड़ा 2020-21 से ज्यादा रहा है। वित्त मंत्रालय ने भी हाल ही में जारी रिपोर्ट में कहा था कि भारत निर्यात लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में है। इसका दो तिहाई हिस्सा नवंबर तक हासिल किया जा चुका है।

मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, अप्रैल-नवंबर, 2021 के दौरान व्यापारिक वस्तुओं का निर्यात 263 अरब डॉलर से अधिक रहा था। यह आंकड़ा 2020-21 की समान अवधि के मुकाबले 51 फीसदी ज्यादा है। निर्यात के मामले में चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीने काफी अच्छे रहे हैं। नवंबर में लगातार आठवें महीने निर्यात 30 अरब डॉलर के पार रहा था।
विज्ञापन

नए समझौतों से निर्यात बढ़ाने में मिलेगी मदद वित्त मंत्रालय ने कहा था कि नए समझौतों से भारत को निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी। भारत का मॉरिशस से समझौता हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ बातचीत अंतिम दौर में है। मॉरिशस के साथ व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (सीईसीपीए) में भारत के लिए 310 निर्यात वस्तुओं को शामिल किया गया है।
मारुति ने 100 देशों को 2.05 लाख वाहन निर्यात किए मारुति सुजुकी इंडिया ने सोमवार को कहा कि उसने 2021 में दो लाख से ज्यादा वाहनों का निर्यात किया है। निर्यात का यह आंकड़ा किसी भी कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा है। कंपनी ने कहा कि पिछले साल उसने 100 से ज्यादा देशों में कुल 2,05,450 वाहन निर्यात किए। इनमें सबसे ज्यादा मांग बलेनो, डिजायर, स्विफ्ट, एस-प्रेसो और ब्रेजा की रही। मारुति सुजुकी इंडिया के एमडी-सीईओ केनिचि आयुकावा ने कहा कि कंपनी के लिए यह मील का पत्थर है। यह बताता है कि दुनियाभर के ग्राहकों में हमारी कारों की गुणवत्ता, प्रौद्योगिकी, विश्वसनीयता और प्रदर्शन को लेकर भरोसा कायम है।

खुदरा कारोबार पर लॉकडाउन अंतिम विकल्प होना चाहिए : आरएआई
इधर, देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रिटेलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आरएआई) ने सोमवार को कहा कि खुदरा कारोबार पर लॉकडाउन अंतिम विकल्प होना चाहिए। खुदरा विक्रेताओं के संगठन ने कहा कि देश में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के बीच स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे पर अत्यधिक दबाव की स्थिति में ही खुदरा कारोबार पर आंशिक या पूर्ण लॉकडाउन लगाया जाना चाहिए।

आर्थिक सेहत सुनिश्चित करना और रोजगार की निरंतरता, जीवन को बचाने के समान ही महत्वपूर्ण है। आरएआई ने कहा कि कोविड अनुकूल उचित व्यवहार का सख्त अनुपालन जरूरी है। हमें उम्मीद है कि सभी राज्य इस मॉडल को अपनाएंगे और सकारात्मकता दर के बजाय अस्पतालों में भर्ती की संख्या के आधार पर आर्थिक गतिविधियों को प्रतिबंधित करने पर फैसला लेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें