भारत और कनाडा के बीच आर्थिक रिश्तों को नई मजबूती देने की तैयारी चल रही है। दोनों देश 2030 तक अपना सालाना द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाकर 70 अरब डॉलर से ज्यादा करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने शनिवार को कहा कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
नई दिल्ली में आयोजित कनाडा-भारत निवेश मंच में अनीता आनंद ने कहा कि पिछले साल दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं का व्यापार 30.4 अरब डॉलर रहा था। अब दोनों देश इसे दोगुने से अधिक स्तर तक पहुंचाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित आर्थिक समझौते से कारोबारियों को बाजार तक बेहतर पहुंच और व्यापार के नियमों में स्थिरता मिलेगी। इससे कंपनियों को लंबे समय के निवेश, कारोबार बढ़ाने और मजबूत व्यावसायिक साझेदारी बनाने का भरोसा मिलेगा।
पीएम मोदी के कनाडा दौरे से पहले समझौते की तैयारी
अनीता आनंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कनाडा दौरे से पहले दोनों देशों के पास आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने का बड़ा अवसर है। दिसंबर में पीएम मोदी के कनाडा जाने की संभावना है। ऐसे में दोनों देश दौरे से पहले व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं।
इस समझौते के लिए दोनों देशों के बीच वार्ता तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी महीने कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने बताया था कि भारत और कनाडा के बीच व्यापार वार्ता का छठा दौर चल रहा है। दोनों पक्ष दिसंबर में प्रस्तावित मोदी के दौरे से पहले समझौते को अंतिम रूप देने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
ऊर्जा, यूरेनियम और महत्वपूर्ण खनिजों पर जोर
व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए मनिंदर सिद्धू ने भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात की थी। इस दौरान ऊर्जा, यूरेनियम, महत्वपूर्ण खनिज और निवेश को दोनों देशों के आर्थिक सहयोग के प्रमुख क्षेत्र बताया गया।
सिद्धू ने कहा कि कनाडा अपने एलएनजी यानी तरलीकृत प्राकृतिक गैस से जुड़े प्रोजेक्ट का विस्तार कर रहा है। उसका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा एलएनजी निर्यातक बनना है। इससे भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सकती है।
भारत में 100 अरब डॉलर से ज्यादा का कनाडाई निवेश
भारत में कनाडा का निवेश भी दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कनाडा के संस्थागत निवेशकों और पेंशन फंडों ने भारत में 100 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है। इनमें फेयरफैक्स जैसे निवेशक शामिल हैं।
इसके अलावा दोनों देशों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई है। प्रस्तावित समझौते से इन क्षेत्रों में निवेश और कारोबारी साझेदारी को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।