मजबूत खपत को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत के विकास दर अनुमान को 0.2 फीसदी बढ़ाकर 6.3 फीसदी कर दिया है। हालांकि, भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार का यह आंकड़ा आरबीआई के 6.5 फीसदी के अनुमान से कम है। आईएमएफ ने इससे पहले इस साल जुलाई में 2023-24 के लिए आर्थिक वृद्धि दर 6.1 फीसदी रहने का अनुमान जताया था।
आईएमएफ ने मंगलवार को जारी ‘विश्व आर्थिक परिदृश्य’ रिपोर्ट में कहा, भारत में अप्रैल-जून, 2023 अवधि के दौरान खपत उम्मीद से अधिक मजबूत रही। इसे देखते हुए भारतीय जीडीपी की वृद्धि दर 2023 और 2024 दोनों में 6.3 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, वैश्विक संगठन ने संपत्ति बाजार में भारी संकट व कम निवेश को देखते हुए चीन के विकास दर अनुमान को 2023 के लिए 0.2 फीसदी घटाकर 5 फीसदी और 2024 के लिए 0.3 फीसदी घटाकर 4.2 फीसदी कर दिया है। इस तरह, चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर चीन से अधिक रहेगी।
रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे झटकों से अपनी रफ्तार खो रही वैश्विक अर्थव्यवस्था
आईएमएफ ने कहा, रूस-यूक्रेन युद्ध, ऊंचे ब्याज व बढ़ते भूराजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था अपनी रफ्तार खो रही है। इसलिए, 2023 के लिए वैश्विक वृद्धि दर अनुमान को घटाकर 3 फीसदी किया गया है। 2024 में वैश्विक अर्थव्यवस्था की रफ्तार और धीमी होकर 2.9 फीसदी रह जाएगी। आईएमएफ के मुख्य अर्थशास्त्री पियरे-ओलिवियर गौरीचंस ने कहा, कोरोना और यूक्रेन पर रूस के हमले सहित कई झटकों से तीन वर्षों में दुनियाभर के आर्थिक उत्पादन में कोविड-पूर्व रुझानों की तुलना में 3,700 अरब डॉलर की कमी आई है।
सबसे तेज रहेगी हमारी रफ्तार
देश 2023 2024
भारत 6.3% 6.3%
चीन 5.0% 4.2%
उभरते देश 4.0% 4.0%
अमेरिका 2.1% 1.5%
जापान 2.0% 1.0%
विकसित जीडीपी 1.5% 1.4%
सऊदी अरब 0.8% 4.0%
यूरो क्षेत्र 0.7% 1.2%
ब्रिटेन 0.5% 0.6%
जर्मनी -0.5% 0.9%
पश्चिमी देशों-चीन में खाई बढ़ने से भारत अच्छी स्थिति में
विश्व बैंक के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री कौशिक बसु ने कहा कि पश्चिमी देशों व चीन में खाई बढ़ने से भारत दुनिया में अच्छी स्थिति में है। उम्मीद जताई कि भारत को खास बनाने वाले तीनों स्तंभों लोकतंत्र, स्वतंत्र मीडिया व धर्मनिरपेक्षता को देश पकड़े रहेगा क्योंकि इनसे आर्थिक वृद्धि की बुनियाद तैयार होती है।
समृद्ध भारत की यात्रा को मजबूती से जारी रखेंगे
हमारे लोगों की ताकत व कौशल से भारत दुनिया में एक उज्ज्वल स्थान, नवाचार और विकास का केंद्र बना हुआ है। हम समृद्ध भारत की यात्रा को मजबूती से जारी रखेंगे। अपने सुधारों के पथ को और आगे बढ़ाएंगे।
-नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
जो एक अर्थशास्त्री पीएम नहीं कर सके वह पीएम मोदी ने कर दिखाया: अमित शाह
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की ओर से भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि जब देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे संवेदनशील, मेहनती और समर्पित नेता कर रहे हैं तो असाधारण परिणाम तो आएंगे ही।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने मंगलवार को भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनुमान को 0.2 प्रतिशत बढ़ाकर 6.3 प्रतिशत कर दिया, जबकि इसने 2024 के लिए वैश्विक विकास दर के अनुमान को 2023 के तीन प्रतिशत से घटाकर 2.9 प्रतिशत कर दिया। शाह ने कहा, "नेतृत्व मायने रखता है। जब राष्ट्र का नेतृत्व एक संवेदनशील, मेहनती और समर्पित नेता रह रहे हों तो असाधारण परिणाम अपेक्षित हो जाते हैं।
शाह ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण हमारा देश आज विकसित देशों की तुलना में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "एक अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री जो हासिल नहीं कर सके, वह जनता के प्रति समर्पित एक नेता ने कर दिखाया। हमारे भारत को दुनिया का अग्रणी देश बनाने के रास्ते पर अग्रसर करने के लिए मोदी जी को और अधिक शक्ति मिले।"