अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने अमेरिकी अर्थशास्त्री डेविड लिप्टन को अपना अंतरिम प्रमुख चुना है। लिप्टन क्रिस्टीन लेगार्ड की जगह लेंगे। बता दें कि मंगलवार को यूरोपियन सेन्ट्रल बैंक के प्रमुख पद के लिए आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टीन लेगार्ड को मनोनीत किया गया है।
डिप्टी मैनेजिंग निदेशक डेविड लिप्टन पर पूरा भरोसा
इस संदर्भ में बोर्ड ने कहा है कि, 'मनोनयन की अवधि में आईएमएफ की जिम्मेदारियां अस्थाई रूप से छोड़ने संबंधी लेगार्ड के फैसले को हम स्वीकार करते हैं।' उन्होंने कहा कि आईएमएफ के कार्यवाहक प्रबंधक निदेशक के तौर पर हमें फर्स्ट डिप्टी मैनेजिंग निदेशक डेविड लिप्टन पर पूरा भरोसा है।
मारियो द्रागी की जगह लेंगी लेगार्ड
मनोनयन का मतलब है कि लेगार्ड आईएमएफ प्रमुख के रूप में अपना पांच साल का दूसरा कार्यकाल पूरा होने से दो वर्ष पहले ही पद छोड़ देंगी। मनोनयन के बाद लेगार्ड ने आईएमएफ प्रमुख के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को अस्थाई रूप से छोड़ने का फैसला लिया है। यूरोपियन सेन्ट्रल बैंक में लेगार्ड मारियो द्रागी की जगह लेंगी, जिनकी सेवाएं 31 अक्टूबर को समाप्त हो रही हैं।
IMF मुख्यालय की ओर से जारी हुआ बयान
आईएमएफ मुख्यालय की ओर से बयान जारी किया गया, जिसके अनुसार, लेगार्ड ने कहा है कि, 'यूरोपियन सेन्ट्रल बैंक के प्रमुख के लिए मनोयन से मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं।'