एक्सिस बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा ने कहा, दुनिया की विपरीत स्थितियों के बावजूद भारत तेज गति से विकास करेगा। पूंजी निर्माण व संरचनात्मक चालकों में सुधार से भारत की वृद्धि दर बनी रहेगी। मुख्य महंगाई की गति धीमी रहेगी।
घरेलू रेटिंग एजेंसी इक्रा ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत के आर्थिक वृद्धि दर अनुमान को 6.2 फीसदी से बढ़ाकर 6.5 फीसदी कर दिया। हालांकि, यह आरबीआई के सात फीसदी के संशोधित वृद्धि दर अनुमान की तुलना में कम है। एजेंसी ने सोमवार को कहा, जिंसों के दाम में कमी का सिलसिला कायम रहने से अक्तूबर-दिसंबर तिमाही में वृद्धि दर पिछले अनुमान से बेहतर रहने की उम्मीद है। बिजली की मांग में वृद्धि, वाहनों के दैनिक पंजीकरण में तेजी व अन्य कारोबारी गतिविधियों में उछाल का भी असर दिखेगा।
चौंकाने वाले फैसलों से जीडीपी में तेज बढ़ोतरी: आने वाले समय में ऐसे चौंकाने वाले फैसले होंगे, जिससे जीडीपी में तेज वृद्धि जारी रहेगी। एक्सिस बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा ने कहा, दुनिया की विपरीत स्थितियों के बावजूद भारत तेज गति से विकास करेगा। पूंजी निर्माण व संरचनात्मक चालकों में सुधार से भारत की वृद्धि दर बनी रहेगी। मुख्य महंगाई की गति धीमी रहेगी।
डीजल निर्यात और कच्चे तेल उत्पादन पर विंडफाल टैक्स में की गई कटौती
जेट ईंधन या एटीएफ के निर्यात पर लेवी एक रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, यह पहले शून्य थी। पेट्रोल पर एसएईडी शून्य रहेगा। भारत ने पहली बार ऊर्जा कंपनियों के असाधारण मुनाफे पर पिछले साल एक जुलाई को विंडफाल टैक्स लगाया था। पिछले दो सप्ताह में तेल की औसत कीमतों के आधार पर हर पखवाड़े दरों की समीक्षा की जाती है।
सरकारी नीतियों से 2024-25 में दोगुनी होगी ई-बसों की हिस्सेदारी
आपूर्ति में देरी संबंधी जोखिमों और चार्जिंग स्टेशनों की कमी के बावजूद अगले वित्त वर्ष 2024-25 में कुल बस बिक्री में इलेक्ट्रिक बसों (ई-बसों) की हिस्सेदारी दोगुनी होकर आठ फीसदी पर पहुंच जाएगी। क्रिसिल रेटिंग्स ने सोमवार को एक रिपोर्ट में कहा, सरकार के सहायक नीतिगत उपायों व अनुकूल स्वामित्व लागत से हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सार्वजनिक परिवहन पर जोर देने के साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के कारण बसों की कुल बिक्री में ई-बसों की हिस्सेदारी बढ़ेगी।
क्रिसिल के एक निदेशक सुशांत सरोदे ने कहा, फेम योजना और राष्ट्रीय इलेक्ट्रिक बस कार्यक्रम के तहत ई-बसों के उपयोग के लिए ठोस प्रयास चल रहे हैं। ई-बसों में वृद्धि इसलिए भी हो रही है क्योंकि 15 वर्षों के अनुमानित जीवन काल में पेट्रोल/डीजल या सीएनजी बसों की तुलना में इनकी लागत 15-20 फीसदी कम है।
आयकर विभाग ने चार वर्षों में 5,095 करोड़ की संपत्ति जब्त की
2020-21 में 569 समूहों की तलाशी में 881 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई और 145 मामलों में अभियोजन शुरू किया गया। 2021-22 में 686 समूहों की तलाशी और 1,159.59 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई। 115 मामलों में अभियोजन शुरू किए गए। 2022-23 के दौरान 741 समूहों की तलाशी और 1765.56 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई। 97 अभियोजन शुरू किए गए।
वेदांता निवेशकों को देगी 11 रुपये लाभांश
वेदांता के निदेशक मंडल ने 2023-24 के लिए 11 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के हिसाब से दूसरे अंतरिम लाभांश को मंजूरी दे दी है। यह लाभांश कुल 4,089 करोड़ रुपये बैठता है। कंपनी ने बीएसई को बताया, लाभांश भुगतान की तिथि 27 दिसंबर तय की गई है।
विवांता इंडस्ट्रीज देगी चार पर एक शेयर बोनस
विवांता इंडस्ट्रीज चालू वित्त वर्ष में हर चार शेयर पर एक शेयर बोनस देगी। कंपनी ने बताया, पहली छमाही में उसकी कुल आय 23 करोड़ रुपये से ज्यादा रही है। कंपनी ने ड्रोन कारोबार बढ़ाने के लिए तंजानिया की विवांता ड्रोन में 50 फीसदी हिस्सेदारी भी खरीदी है।