भारतीय विमानन कंपनियों का शुद्ध घाटा चालू वित्त वर्ष में कम होकर 3,000 से 4,000 करोड़ रुपये तक रहने का अनुमान है। अगले वित्त वर्ष में भी ऐसे रुझान बने रह सकते हैं। क्रेडिट रेटिंग एजेंसी इक्रा ने सोमवार को एक रिपोर्ट में कहा, यात्रियों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी और किराया निर्धारण के नियमों से विमानन कंपनियों को मदद मिली। घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 12.75 करोड़ होने का अनुमान है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि विमानन क्षेत्र आपूर्ति शृंखला से जुड़ी चुनौतियों और प्रैट एंड व्हिटनी (पीएंडडब्ल्यू) कंपनी के इंजन से संबंधित समस्याओं से भी जूझ रहा है। रेटिंग एजेंसी का दावा है कि भारतीय विमानन कंपनियों के परिचालन में शामिल कुल बेड़े का 24-26 फीसदी हिस्सा 31 मार्च, 2024 तक उड़ान भरना बंद कर देगा।
एलएंडटी फाइनेंस समेत पांच एनबीएफसी ने लौटाया प्रमाणपत्र
एलएंडटी फाइनेंस, एलएंडटी इन्फ्रा सहित पांच गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों ने प्रमाणपत्र आरबीआई को वापस लौटा दिया है। इसके बाद केंद्रीय बैंक ने सभी का पंजीकरण रद्द कर दिया। ये कंपनियां अब कारोबार नहीं कर पाएंगी। इनके अलावा, मरुधर फूड एवं क्रेडिट, क्रिएटिव इंट्रा, जिनवानी ट्रेडिंग और मंजूश्री फिनकॉर्प के साथ श्रुति फाइनेंशियल ने भी प्रमाणपत्र लौटा दिए हैं। आरबीआई ने चार और एनबीएफसी के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। इनमें निमिशा फाइनेंस, आरएमबी फाइनेंस, सुयश फिनोवेस्ट और कामधार लीजिंग हैं।
तीन रुपये प्रति शेयर लाभांश देगी पीएफसी
पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (पीएफसी) के बोर्ड ने सोमवार को 2023-24 के लिए तीन रुपये प्रति शेयर के तीसरे अंतरिम लाभांश को मंजूरी दे दी। इसके साथ, चालू वित्त वर्ष के लिए कुल अंतरिम लाभांश 10 रुपये के शेयर पर 11 रुपये है। जानकारी के अनुसार, तीसरे अंतरिम लाभांश भुगतान की रिकॉर्ड तिथि 22 मार्च, 2024 है। लाभांश भुगतान 10 अप्रैल, 2024 या उससे पहले होगा।
इंडिगो सह संस्थापक ने बेचे 6,785 करोड़ के शेयर
विमानन कंपनी इंडिगो की सूचीबद्ध मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लि. के सह संस्थापक राकेश गंगवाल ने कंपनी में थोक बिक्री के जरिये 6,785 करोड़ रुपये के शेयर सोमवार को बेच दिए। गंगवाल ने 5.83 फीसदी हिस्सेदारी यानी 2.25 करोड़ शेयरों को 3,015 से 3,016 रुपये के बीच प्रति शेयर के भाव से बेचे। इसके बावजूद कंपनी का शेयर करीब चार फीसदी बढ़त में बंद हुआ।