आज से शुरू हो गए क्रिकेट विश्व कप में आधिकारिक ब्रॉडकास्टर स्टार इंडिया ने अपने विज्ञापन के रेट में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि इसमें से 85 फीसदी स्लॉट पहले ही कंपनियों ने बुक करा लिए है। कंपनियों को 10 सेकंड के विज्ञापन के लिए 20 लाख रुपये खर्च करने होंगे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने स्टार इंडिया और स्टार मीडिल ईस्ट को 2015-2023 तक आधिकारिक प्रसारक बना रखा है। चैनल ने 2015 के वर्ल्ड कप में 700 करोड़ का रेवेन्यू कमाया था, जो इस बार दोगुने से भी ज्यादा होता दिख रहा है।
स्टार इंडिया ने विज्ञापन के दो रेट पैकेज तय किए हैं। जिन मैचों में भारत खेल रहा है उसका 10 सेकंड का विज्ञापन का रेट 17 से 20 लाख रुपये के बीच है। वहीं अन्य मैचों के लिए छह से सात लाख रुपये प्रति 10 सेकंड विज्ञापन का रेट तय है। हालांकि इसमें सेमी फाइनल और फाइनल मैचों को शामिल नहीं किया गया है। इन मैच के लिए रेट का फैसला बाद में लिया जाएगा। सब कुछ भारतीय टीम के प्रदर्शन पर निर्भर होगा।
स्टार इंडिया ने विश्व कप के लिए अपना 80 फीसदी स्लॉट बेच दिया है। 40 से अधिक कंपनियों ने इन स्लॉट को खरीदा है। इसमें फोनपे, वन प्लस, अमेजन, ड्रीम 11, एमआरएफ, कोका कोला, उबर, ओप्पो, फिलिप्स, सिएट टायर्स और आईसीआईसीआई लोम्बॉर्ड जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।
स्टार इंडिया अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म हॉटस्टार से भी कमाई के लिए 300 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा डीटीएच और केबल कंपनियों से भी कमाई अलग से होगी। इस मद में कंपनी ने 500 करोड़ का और विदेशी बाजार से 200 करोड़ रुपये की कमाई का लक्ष्य रखा है।