आईसीएआई ने वर्ष 2026-27 के लिए सीए प्रसन्न कुमार डी को अपना नया अध्यक्ष और मंगेश पांडुरंग किनारे को उपाध्यक्ष चुना है। जानें नए नेतृत्व और संस्थान के विशाल नेटवर्क के बारे में।
देश में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की शीर्ष संस्था, इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने गुरुवार को अपने नए नेतृत्व का एलान किया है। आईसीएआई की काउंसिल ने वर्ष 2026-27 के कार्यकाल के लिए प्रसन्ना कुमार डी को अपना नया अध्यक्ष चुना है।
विज्ञापन
74वें अध्यक्ष के तौर पर संभालेंगे कमान सीए प्रसन्न कुमार डी संस्थान के 74वें अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले वे आईसीएआई के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। अध्यक्ष के साथ ही काउंसिल ने मंगेश पांडुरंग किनारे को संस्थान का नया उपाध्यक्ष निर्वाचित किया है। यह चुनाव आईसीएआई की 26वीं काउंसिल द्वारा संपन्न किया गया।
वॉलीबॉल खिलाड़ी से लेकर शीर्ष पद तक का सफर
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रसन्ना कुमार डी का पेशेवर अनुभव चार दशकों से अधिक का है। वे 1984 में चार्टर्ड अकाउंटेंट बने थे और उन्होंने संस्थान में विभिन्न भूमिकाओं में अपनी सेवाएं दी हैं। अपने पेशेवर कौशल के अलावा, उनकी खेल में भी रुचि है और वे एक वॉलीबॉल खिलाड़ी भी हैं।
विज्ञापन
15 लाख सदस्यों का विशाल नेटवर्क
आईसीएआई दुनिया के सबसे बड़े पेशेवर लेखा निकायों में से एक है। वर्तमान में संस्थान के साथ 15 लाख से अधिक सदस्य और छात्र जुड़े हुए हैं। इसका नेटवर्क बेहद व्यापक है, जिसमें 5 क्षेत्रीय परिषदें और भारत भर में 185 शाखाएं शामिल हैं। वैश्विक स्तर पर भी आईसीएआई की मजबूत उपस्थिति है, जिसके तहत 54 विदेशी चैप्टर और 31 प्रतिनिधि कार्यालय संचालित होते हैं।