प्रश्न- देश में सभी कारोबारी तकनीकी रूप से या जानकारी में उतने सक्षम नहीं हैं। इस दिशा में आप क्या कर रहे हैं?
उत्तर- आप सही कह रहे हैं। सभी कारोबारियों के पास तकनीकी रूप से सक्षम लोगों की टीम नहीं है और सभी सीए या पेशेवरों की सेवा भी नहीं ले सकते हैं। इसलिए हमने जीएसटी फॉर्म को सरल करना शुरू कर दिया है। हाल में हमने जीएसटी 3बी फॉर्म को सरल किया है।
अब सिस्टम ही बताता है कि आपका इनपुट क्रेडिट कितना है और उसे कहां वितरित करना है। आप वहीं एक बटन दबाकर चालान भी जेनरेट कर सकते हैं। अब तक सिस्टम एरर तो दिखाता था, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं देता था। अब हम हर एरर को एक कोड दे रहे हैं, जिससे सिस्टम बताएगा कि किस तरह की गलती हुई है और क्या समाधान है।
प्रश्न- वित्त मंत्री ने नया रिटर्न फॉर्म लाने की घोषणा की है। यह कब तक आ जाएगा?
उत्तर- आपने सही कहा, हम जीएसटी परिषद के साथ मिलकर नया रिटर्न फॉर्म लाने पर काम कर रहे हैं। जीएसटी परिषद की पिछली बैठक में हमने इसका मसौदा भी रखा था, जिस पर कुछ और सुझाव मिले हैं। उन्हें भी इसमें शामिल किया जा रहा है। हम साल में पांच करोड़ रुपये तक का कारोबार करने वाले व्यापारियों के लिए सहज और सुगम फॉर्म ला रहे हैं। यही नहीं, हम एसएमएस से भी रिटर्न दाखिल करने की सुविधा देने वाले हैं।