प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आकर्षित करने और रोजगार बढ़ाने के लिए पूरे दश की अर्थव्यवस्था के एकीकरण के लंबे संघर्ष में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक का राज्यसभा में पारित हो जाना एक बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इसको लागू करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है और उसमें काफी समय लग सकता है, क्योंकि इसके कई बारीक मुद्दों पर सहमति कायम करना आसान नहीं होगा।
डेवलपमेंट बैंक ऑफ सिंगापुर (डीबीएस) ने बृहस्पतिवार को कहा कि बुधवार शाम राज्यसभा में जीएसटी विधेयक का पारित होना एक सकारात्मक घटनाक्रम है और इससे घरेलू बाजार को कुछ समय के लिए तेजी मिलने की उम्मीद है। डीबीएस की वाइस प्रेसीडेंट और अर्थशास्त्री राधिका राव ने कहा कि यह सकारात्मक घटनाक्रम है। लेकिन जीएसटी को लागू करने की अप्रैल 2017 की समय सीमा चुनौतीपूर्ण लगती है, क्योंकि अभी तक इसकी पूरी प्रक्रिया तय नहीं की गई है और जो विवाद का अगला विषय होने वाला है।
प्रमुख अमेरिकी अखबारों में कहा गया है कि विधेयक का पारित होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश की अर्थव्यवस्था के आधुनिकीकरण के अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और लंबे समय में इससे विदेशी निवेश बढ़ेगा, विनिर्माण और निर्यात बढ़ेगा तथा रोजगार पैदा होगा। न्यूयार्क टाइम्स में कहा गया है कि 1991 में भारतीय बाजार के खुलने के बाद से यह सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक कदम है।