Small Savings: वित्त मंत्रालय के अनुसार सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा पर 8.2 प्रतिशत की ब्याज दर मिलेगी। वहीं, तीन साल की सावधि जमा पर ब्याज दर चालू तिमाही में 7.1 प्रतिशत ही रहेगी। आइए इस बारे में विस्तार से जानते है।
सरकार ने छोटी बचत योजनाओं पर मिलने वाले ब्याज दरों में लगातार सातवीं तिमाही के लिए कोई बदलाव नहीं किया है। मंगलवार को पीपीएफ और एनएससी समेत विभिन्न लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में एक अक्तूबर, 2025 से शुरू होने वाली लगातार सातवीं तिमाही के लिए अपरिवर्तित रखा गया।
विज्ञापन
वित्त मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा, "वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के लिए विभिन्न लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरें जो 1 अक्तूबर 2025 से शुरू होकर 31 दिसंबर, 2025 को समाप्त होंगी, वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (1 जुलाई, 2025 से 30 सितंबर, 2025) के लिए अधिसूचित दरों से अपरिवर्तित रहेंगी।"
सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा पर 8.2 प्रतिशत की ब्याज दर
वित्त मंत्रालय के अनुसार सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा पर 8.2 प्रतिशत की ब्याज दर मिलेगी। वहीं, तीन साल की सावधि जमा पर ब्याज दर चालू तिमाही में 7.1 प्रतिशत ही रहेगी। लोकप्रिय सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ) और डाकघर बचत जमा योजनाओं की ब्याज दरें भी क्रमशः 7.1 प्रतिशत और 4 प्रतिशत पर बरकरार रखी गई हैं। किसान विकास पत्र पर ब्याज दर 7.5 प्रतिशत होगी तथा निवेश 115 महीनों में परिपक्व होगा।
एनएससी पर 7.7 प्रतिशत की ब्याज दर बनी रहेगी
राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) पर ब्याज दर अक्तूबर-दिसंबर 2025 की अवधि के लिए 7.7 प्रतिशत पर बनी रहेगी। मौजूदा तिमाही की तरह, चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान मासिक आय योजना निवेशकों को 7.4 प्रतिशत ब्याज दी जाएगी।
इसके साथ ही, मुख्य रूप से डाकघरों और बैंकों की ओर से संचालित लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरों को लगातार छठी तिमाही में अपरिवर्तित रखा गया है। सरकार ने पिछली बार 2023-24 की चौथी तिमाही के लिए कुछ योजनाओं में बदलाव किया था। सरकार हर तिमाही में लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरें अधिसूचित करती है।