केंद्र सरकार ने अब गरीबों के लिए अपनी सबसे बड़ी राशन योजना को शुरू कर दिया है। इस योजना के तहत राशन कार्ड धारक देश में स्थित किसी भी राशन की दुकान से कम कीमत पर अनाज खरीद सकेंगे। फिलहाल इस योजना को शुक्रवार से देश के चार राज्यों में शुरू किया गया है। अगले साल की एक जून से पूरे देश में इसे लागू कर दिया जाएगा।
एक देश-एक राशन कार्ड
अभी तक लोगों को राशन लेने के लिए अपने क्षेत्र में मौजूद निकटतम राशन विक्रेता से कम कीमत पर अनाज मिल पाता था। लेकिन अब राशन कार्ड धारक किसी भी दुकान से सस्ती दर पर अनाज, केरोसिन और चीनी खरीद सकेंगे। इसमें शहर और गांव तो छोड़िए, राज्य भी आड़े नहीं आएगा।
इन राज्यों से हुई शुरुआत
केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने योजना को शुरू करते हुए कहा कि अब से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात और महाराष्ट्र के राशन कार्ड धारक ऐसा कर सकेंगे। फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट में दो-दो राज्यों के समूह बनाए गए हैं। आंध्र प्रदेश के लोग अब तेलंगाना से और तेलंगाना के लोग आंध्र प्रदेश से राशन खरीद सकेंगे। ऐसा ही गुजरात और महाराष्ट्र में होगा।
यह मिलेगा फायदा
इस योजना के शुरू होने से कई फायदे गरीबों को मिलेंगे। वहीं सरकार को भी फर्जी राशन कार्ड को रोकने में मदद मिलेगी। एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट होने वालों को इस योजना से फायदा मिलेगा।
ऐसे मिलेगा राशन
फिलहाल देश के ज्यादातर राज्यों में राशन कार्ड को आधार कार्ड और प्वाइंट ऑफ सेल मशीन से जोड़ दिया गया है। इसके जरिए ही देश के 22 राज्यों में राशन बांटा जा रहा है। अब इंटरपोर्टेबिलिटी होने से राज्य और केंद्र सरकार के पास पूरा डाटा उपलब्ध होगा। वहीं दुकान पर होने वाले भ्रष्टाचार पर भी रोक लगेगी।