मंगलवार को देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियल ऑयल की वेबसाइट के अनुसार 29 मई 2018 को दिल्ली में पेट्रोल के दाम 78.43 रुपये रहा। यह एक दिन पहले के 78.27 रुपये के मुकाबले 16 पैसे महंगा था। इसी तरह डीजल के दाम भी एक दिन पहले के 69.17 रुपये के मुकाबले 14 पैसे बढ़ कर 69.31 रुपये प्रति लीटर पर पहुंचे थे।
उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का दौर तो शुरू हो गया है, लेकिन डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमतों में गिरावट चालू है। कल भी शुरूआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 22 पैसे कमजोर हुआ।
स्टेट बैंक के एक अध्ययन के मुताबिक बीते एक महीने में डॉलर के मुकाबले रुपया 4.47 फीसदी कमजोर हो चुका है। पेट्रोलियम मंत्रालय के एक अधिकारी का कहना है कि रुपया का कमजोर होना ज्यादा दिक्कत वाली बात है क्योंकि यदि डॉलर की कीमत एक रुपया बढ़ती है तो पेट्रोल 50 पैसे प्रति लीटर महंगा हो जाता है।