कोरोना वायरस महामारी के संकट को देखते हुए केंद्र सरकार ने एयर इंडिया के लिए बोली लगाने की समय सीमा को 30 जून तक बढ़ा दिया है। दरअसल कोविड-19 महामारी के कारण दुनिया भर में आर्थिक गतिविधियां रुक गई हैं, जिसको देखते हुए यह फैसला किया गया है।
बता दें कि कर्ज में डूबी इस सरकारी विमानन कंपनी की नीलामी में बोलियां लगाने की समयसीमा को दूसरी बार बढ़ाया गया है। एयर इंडिया को बेचने की प्रक्रिया 27 जनवरी को शुरू की गई थी।
निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (डीआईपीएएम) ने एयर इंडिया की बिक्री के लिए अब संशोधित अभिरुचि पत्र जारी किया है। इससे पहले जब जनवरी में अभिरुचि पत्र जारी किया गया था, तब बोली की समय सीमा 17 मार्च थी। इसे बाद में 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था। कोरोना वायरस के कारण अब इसे 30 जून तक बढ़ा दिया गया है।
डीआईपीएएम की वेबसाइट पर बताया गया है कि इसके अलावा बोली में योग्य पाये गए बोलीदाताओं (क्यूआईबी) को उसकी सूचना देने की तारीख को भी दो महीने के लिए बढ़ाकर 14 जुलाई कर दिया गया है। इसमें कहा गया, ‘‘महत्वपूर्ण तिथियों के संबंध में अगर आगे कोई और बदलाव होता है, तो इस बारे में इच्छुक बोलीदाताओं को सूचित किया जाएगा।’’