आयकर रिटर्न दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2024 है। बीते कुछ दिनों से मीडिया में खबरें चल रही हैं कि ई-फाइलिंग साइट पर आ रही दिक्कतों को देखते हुए रिटर्न दाखिल करने की आखिरी तारीख को बढ़ाया जा सकता है। हालांकि अब तक सरकार की ओर से ऐसा कोई ठोस संकेत नहीं मिला है। ऐसे में अगर आपने अभी तक आईटीआर रिटर्न दाखिल नहीं किया है, तो जल्दी कर लें नहीं तो आपको परेशानी उठानी पड़ सकती है।
आयकर विभाग के आंकड़ों के अनुसार 26 जुलाई 2024 तक करीब 5 करोड़ आयकर दाताओं ने अपना टैक्स रिटर्न फाइल कर दिया है। विभाग के अनुसार 5 करोड़ आयकर रिटर्न का आंकड़ा इस साल एक दिन पहले ही हासिल कर लिया गया है। पिछली बार आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या 5 करोड़ के पार 27 जुलाई को पहुंची थी।
आयकर विभाग ने उम्मीद जताई है कि इस साल पिछले साल की तुलना में अधिक लोग अपना रिटर्न दाखिल करेंगे। पिछले वर्ष 31 जुलाई तक 6.77 करोड़ लोगों ने अपना आयकर रिटर्न दाखिल किया था। आयकर विभाग ने अपने एक्स हैंडल पर बचे हुए करदाताओं से अपील की है कि वे भी आखिरी हफ्ते की मशक्कत से बचते हुए समय रहते अपना रिटर्न फाइल कर लें।
आयकर पोर्टल पर रिटर्न दाखिल करने में आ रही दिक्कतों से जुड़ी शिकायत के जवाब में विभाग ने कहा है कि यदि समस्याओं के समाधान के बाद भी आपको दिक्कत आ रही है तो आप अपना पैन और मोबाइल नंबर अपनी परेशानी के साथ लिखकर orm@cpc.incometax.gov.in पर भेज सकते हैं। हमारी टीम आपकी परेशानी की जांच करेगी।