दिल्ली सराफा बाजार में सोने-चांदी का भाव 830 रुपये तक गिर गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पीली धातु की कीमतों में मुनाफावसूली और रुपये में मजबूती के बीच मंगलवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 420 रुपये सस्ता होकर 41,210 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव रहा। चांदी भी 830 रुपये सस्ती होकर 48,600 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के एडवायजरी प्रमुख देवर्ष वकील ने कहा कि मजबूत रुपये और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में मुनाफावसूली ने घरेलू भाव को प्रभावित किया। व्यापारियों को उम्मीद है कि 15 जनवरी के बाद त्योहारी सीजन की शुरुआत और शादी-विवाह का मौसम शुरू होने से बाजार में मांग बढ़ेगी। सोमवार को सोना 41,630 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
अमेरिका-ईरान तनाव में नरमी से रुपया 11 पैसे चढ़ा
डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 11 पैसे मजबूत होकर 71.82 पर बंद हुआ। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और आगे नहीं बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है। इससे रुपया मजबूती हुआ। इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजार में तेजी से भी रुपये को समर्थन मिला। अंतरबैंक मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 71.73 के सकारात्मक स्तर पर खुला। सत्र के दौरान इसमें मजबूती बनी रही और यह 71.87 से 71.68 के दायरे में रहा। आखिर में रुपया 71.82 पर बंद हुआ। डॉलर के मुकाबले घरेलू मुद्रा सोमवार को 13 पैसे की गिरावट के साथ 71.93 पर बंद हुई थी।