दिल्ली सराफा बाजार में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती के चलते सोने-चांदी की कीमतों में 657 रुपये की बड़ी कमी देखने को मिली। सराफा बाजार में सोना 162 रुपये सस्ता होकर 41,294 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव रहा। गौरतलब है कि सोना सोमवार को 41,456 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
चांदी भी 657 रुपये सस्ती होकर 47,870 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रही। गौरतलब है कि चांदी सोमवार को 48,527 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का कारोबारियों की लिवाली में गिरावट के चलते चांदी के भाव में यह कमी दर्ज की गई है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के प्रमुख विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले घरेलू मुद्रा में 11 पैसे की मजबूती से दिल्ली में 24 कैरेट सोना 162 रुपये टूट गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,579 डॉलर प्रति औंस रहा, जबकि चांदी 18 डॉलर प्रति औंस रही। पटेल ने कहा कि रुपये का हाजिर भाव मंगलवार को एक डॉलर की तुलना में 11 पैसे मजबूत होकर ट्रेंड कर रहा था।
भारतीय रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में एक डॉलर के मुकाबले 6 पैसे मजबूत होकर 71.37 पर ट्रेंड कर रहा था।