राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को चांदी 7% बढ़कर 2.64 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.24% बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अमेरिका-ईरान तनाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग इसे पीछे कारण बताया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को कीमती धातुओं की कीमतों में तेज उछाल देखा गया। चांदी की कीमत 7 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 2.64 लाख रुपये प्रति किलो हो गई, जबकि सोने की कीमत 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, यह तेजी वैश्विक बाजार में मजबूत रुझान और अमेरिका व ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के कारण आई है।
स्थानीय बाजार में चांदी की कीमत 18,000 रुपये यानी 7.32 प्रतिशत बढ़कर 2,64,000 रुपये प्रति किलो (सभी करों सहित) हो गई। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,950 रुपये यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर 1,58,650 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। बुधवार को सोने की कीमत 1,56,700 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
अंतरराष्ट्रीय का कैसा है हाल?
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी 1.03 प्रतिशत की तेजी के साथ 77.97 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी, जबकि सोना मामूली बढ़त के साथ 4,991.24 डॉलर प्रति औंस पर था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक, सौमिल गांधी ने कहा कि सोने की कीमतों में तेजी अमेरिका और ईरान के बीच संभावित सैन्य कार्रवाई की अफवाहों के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से आई है।