वैश्विक बाजारों में मजबूती से सोना 940 रुपये महंगा होकर 62,020 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ।चांदी भी 660 रुपये महंगी होकर 76,700 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई।
दिल्ली सराफा बाजार में गुरुवार को सोना पहली बार 62,000 के पार पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में मजबूती से घरेलू बाजार में पीली धातु में तेजी आई। इससे सोना 940 रुपये महंगा होकर 62,020 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ।
विज्ञापन
उधर, चांदी 660 रुपये महंगी होकर 76,700 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 61,080 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 2,039.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
इसलिए भी बढ़ गईं कीमतें
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में रातभर की मजबूती के बाद घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई। गांधी ने कहा कि ब्याज दर में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के अगली बैठक में आक्रामक सख्ती पर रोक लगाने के संकेत के बाद डॉलर और बॉन्ड यील्ड में गिरावट आई। इससे एशियाई कारोबारी घंटों में कॉमेक्स पर सोना की कीमतों में तेजी आई।