फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gold Price: अमेरिका-चीन व्यापार समझौते से सोना 3400 रुपये गिरा, 96550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर भाव

Mon, 12 May 2025 07:22 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला यह कीमती धातु सोमवार को 3,400 रुपये गिरकर 96,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। 23 जुलाई 2024 को सोने की कीमतों में 3,350 रुपये की गिरावट के बाद यह 10 महीनों में सबसे बड़ी गिरावट है। आइए जानते हैं बाजार का हाल।
विज्ञापन
सोने-चांदी का भाव - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका की ओर से चीन से आयात पर शुल्क 90 दिन तक टालने की घोषणा के बाद व्यापारियों ने सुरक्षित निवेश के विकल्प से हटकर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 3,400 रुपये की भारी गिरावट के साथ 96,550 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गयी।

विज्ञापन


अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला यह कीमती धातु सोमवार को 3,400 रुपये गिरकर 96,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। 23 जुलाई 2024 को सोने की कीमतों में 3,350 रुपये की गिरावट के बाद यह 10 महीनों में सबसे बड़ी गिरावट है।

शनिवार को 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 99,950 रुपये और 99,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। मेहता इक्विटीज लिमिटेड के उपाध्यक्ष (कमोडिटी) राहुल कलंत्री ने कहा, "अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता में प्रगति के संकेत तथा भारत-पाकिस्तान सहित भू-राजनीतिक तनाव में कुछ राहत के बीच सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई।"
विज्ञापन


इसके अलावा चांदी की कीमत भी 200 रुपए घटकर 99,700 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि शनिवार को चांदी की कीमत 99,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। सप्ताहांत में जिनेवा में व्यापार वार्ता के बाद, अमेरिका ने चीनी वस्तुओं पर अपनी 145 प्रतिशत टैरिफ दर को घटाकर 30 प्रतिशत करने पर सहमति व्यक्त की, जबकि चीन ने अमेरिकी वस्तुओं पर अपनी दर को 90 दिनों की अवधि के लिए घटाकर 10 प्रतिशत करने पर सहमति व्यक्त की।

इस बीच, डॉलर सूचकांक, जो छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को मापता है, 1.42 प्रतिशत बढ़कर 101.76 पर कारोबार कर रहा है। वायदा कारोबार में, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का सबसे अधिक कारोबार वाला अनुबंध 3,932 रुपये या 4.07 प्रतिशत गिरकर 92,586 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट - कमोडिटी एवं करेंसी, जतीन त्रिवेदी के अनुसार, रूस और यूक्रेन के बीच संभावित युद्धविराम के संकेत तथा भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाइयों पर सहमति बनने से भू-राजनीतिक तनाव कम हो गया है।

त्रिवेदी ने कहा कि इन घटनाक्रमों के कारण सोने में भारी मुनाफावसूली हुई, जो पहले वैश्विक अनिश्चितता के कारण चढ़ गया था। शेयर बाजारों में मजबूत तेजी के कारण सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की अपील भी प्रभावित हुई।

एमसीएक्स पर जुलाई डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 2,295 रुपये अथवा 2.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94,434 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना 3 प्रतिशत से अधिक गिरकर 3,218.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी 1.19 प्रतिशत गिरकर 32.33 डॉलर प्रति औंस पर आ गयी।

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के ईबीजी (कमोडिटी एवं करेंसी रिसर्च) के उपाध्यक्ष प्रणव मेर ने कहा, "भू-राजनीतिक तनाव कम होने और प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में सुधार के बीच दीर्घावधि परिसमापन/मुनाफावसूली के कारण सोने में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है।"

सप्ताह के अंत में, निवेशक मुद्रास्फीति/खुदरा बिक्री और उपभोक्ता भावनाओं सहित अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। मेर ने कहा कि वे केंद्रीय बैंक की ब्याज दर के मार्ग के बारे में अधिक सुराग के लिए यूएस फेड चेयर जेरोम पॉवेल के भाषण का भी इंतजार करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें