वैश्विक मांग के बीच दिल्ली में गुरुवार को सोना 70 रुपये बढ़कर 98,170 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली इस बहुमूल्य धातु का भाव 1,650 रुपये बढ़कर 98,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 70 रुपये बढ़कर 97,720 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया, जबकि बुधवार को इसका बंद भाव 97,650 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
अबांस फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिंतन मेहता ने कहा, "कमजोर डॉलर, बढ़ते व्यापार युद्ध तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ घोषणाओं के बाद वैश्विक आर्थिक विकास को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं।"
इस बीच, विदेशी बाजारों में सोना हाजिर 3,357.81 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। बाद में यह अपनी सारी बढ़त खोकर 3,328.84 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चैनवाला ने कहा, "अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल द्वारा यह चेतावनी दिए जाने के बाद कि अमेरिकी व्यापार नीति पर अनिश्चितता का अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है, निवेशकों की जोखिम उठाने की क्षमता कम हो सकती है। यही कारण है सोने में बढ़त जारी रही और यह अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।" एशियाई बाजार में हाजिर चांदी 1.37 प्रतिशत गिरकर 32.32 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।