स्थानीय आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की भारी मांग के कारण शुक्रवार को दिल्ली में सोने की कीमतों में बड़ा उछाल दिखा। सोने का भाव 6,250 रुपये की तेजी के साथ 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है। विश्लेषकों के अनुसार अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ने से सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ने से वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचने से घरेलू कीमतों में तेजी आई। बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 90,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून डिलीवरी सोना वायदा 1,703 रुपये बढ़कर 93,736 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एवं करेंसी के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा, "भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका तथा चीन के बीच टैरिफ युद्ध के और बढ़ने के कारण रुपये की मजबूती को दरकिनार करते हुए सोने ने अपनी रिकॉर्ड तेजी को जारी रखा...एमसीएक्स पर 93,500 रुपये के करीब नये सर्वकालिक उच्च स्तर को छू लिया।"
कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी-कमोडिटी रिसर्च, कायनात चैनवाला के अनुसार अमेरिका-चीन के बीच तनाव बढ़ने से सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी है। इससे कॉमेक्स सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं। 2 अप्रैल को सोने की कीमतें 3,200 डॉलर प्रति औंस को पार कर गई थीं। लेकिन बाद में मुनाफावसूली के चलते कीमतें नीचे आ गईं। गुरुवार को ट्रंप प्रशासन ने चीनी वस्तुओं पर 145 प्रतिशत तक टैरिफ लगा दिया, जिसके जवाब में चीन ने भी 125 प्रतिशत तक टैरिफ का एलान किया है।
ये भी पढ़ें: Sensex Closing Bell: अमेरिकी टैरिफ से राहत के बीच बाजार में रिकवरी; सेंसेक्स 1310 अंक चढ़ा, निफ्टी 22800 पार