आभूषण कारोबारियों और खुदरा विक्रेताओं की मांग में कमी आने के कारण सोना 100 रुपये कमजोर हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार के मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोना 100 रुपये की कमी के साथ 90,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 90,550 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत पर बंद हुआ था। वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्ध वाले सोने की कीमत भी लगातार चौथे कारोबारी सत्र में कमजोर हुई और 100 रुपये की गिरावट के साथ 90,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई है, क्योंकि इस बात के संकेत मिले हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का टैरिफ का अगला दौर शुरूआती अनुमान से कम कठोर हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Sensex Closing Bell: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद सपाट क्लोजिंग; संसेक्स 32 अंक चढ़ा, निफ्टी 23668 पर
चांदी की कीमत भी सोमवार के बंद स्तर 1,00,500 रुपये प्रति किलोग्राम से 500 रुपये घटकर 1,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हाजिर 12.56 डॉलर या 0.42 प्रतिशत बढ़कर 3,023.60 डॉलर प्रति औंस हो गया।
कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चैनवाला ने कहा, "अमेरिका में टैरिफ की अगली लहर के अधिक केंद्रित होने के संकेत से व्यापारियों को राहत मिली है, जिससे व्यापक व्यापार युद्ध की आशंका कम हुई है, जिससे सोना 3,020 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहा है।"
ये भी पढ़ें: Lok Sabha: लोकसभा से वित्त विधेयक 2025 पारित, वित्त मंत्री सीतारमण ने करदाताओं को राहत देने वाला बताया
हालांकि, चैनवाला ने कहा कि भू-राजनीतिक जोखिम बने रहने के कारण सर्राफा कीमतों में तीव्र गिरावट सीमित रह सकती है, क्योंकि इस्राइल लेबनान के निकट सैन्य अभ्यास और उत्तरी गाजा से निकासी की योजना बना रहा है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एवं करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, "इस सप्ताह, बाजार की आगे की दिशा के लिए कोर पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (पीसीई) प्राइस इंडेक्स और अमेरिकी जीडीपी डेटा सहित प्रमुख मैक्रोइकॉनोमिक डेटा पर बारीकी से नजर रखी जाएगी।"