धनतेरस के दो दिन तक चले पर्व के दौरान मजबूत मांग के चलते सोना, आभूषणों और सिक्कों की खूब बिक्री देखी गई। आभूषण उद्योग को उम्मीद है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कारोबार में 35 फीसदी तक वृद्धि रहेगी। हालांकि रविवार को कुछ घंटे के लिए आभूषण बाजार में सुस्ती छाई रही, जिसकी वजह भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच था। आभूषण कारोबारियों ने बताया कि मैच खत्म होने के बाद देशभर के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कैट ने एक बयान में कहा कि ऑटोमोबाइल, कंप्यूटर और कंप्यूटर से संबंधित सामान, फर्नीचर, घर और कार्यालय की सजावट के लिए आवश्यक सामान, मिठाई और स्नैक्स, रसोई के सामान, सभी प्रकार के बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स समेत अन्य सामानों का कारोबार लगभग 20,000 करोड़ रुपये का रहा। कैट के महासचिव प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि धनतेरस पर बाजारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दिवाली त्योहार की संपूर्ण बिक्री का आंकड़ा 1.50 लाख करोड़ के पार पहुंच जाएगा।
40 टन बिका सोना, पिछले साल धनतेरस पर 30 टन हुई थी बिक्री
धनतेरस पर देशभर में करीब 40 टन सोना बिका। इंडियन बुलियन एंड जूलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, यह बिक्री पिछले दो दिनों में हुई। वहीं, 45 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का खुदरा कारोबार हुआ। पिछले साल धनतेरस पर 30 टन सोना बिका था।