महंगाई की मार से जनता पहले ही परेशान है और अब हवाई सफर फिर से महंगा होने जा रहा है। सरकार ने एक जून 2021 से घरेलू हवाई किराए में बढ़ोतरी का फैसला किया है। सरकार ने हवाई किराए की निचली सीमा में 13 से 16 फीसदी बढ़ोतरी की है।
अप्रैल में भी महंगा हुआ था किराया
अप्रैल 2021 से सरकार ने विमान यात्रियों से अधिक विमानन सुरक्षा शुल्क (एएसएफ) वसूलने का फैसला लिया था। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए विमानन सुरक्षा शुल्क में क्रमश: 40 रुपये और 114.38 रुपये का इजाफा किया था। एक अप्रैल से घरेलू यात्रियों के लिए विमानन सुरक्षा शुल्क 200 रुपये हो गया। जबकि पहले यह 160 रुपये था। मालूम हो कि विमानन कंपनियां टिकट की बुकिंग के वक्त एएसएफ वसूल कर सरकार को जमा कराती हैं। इस राशि का इस्तेमाल पूरे देश के हवाईअड्डों की सुरक्षा व्यवस्था पर किया जाता है।