एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति और दुनिया के शीर्ष अरबपतियों में शुमार गौतम अदाणी ने हाल ही होल्सिम का सौदा कर सीमेंट कारोबार में अपना कदम रखा। अब एक और क्षेत्र में अदाणी अपनी बादशाहत कायम करने के लिए तैयार हैं। जी हां, उन्होंने अब हेल्थकेयर क्षेत्र में उतरने की घोषणा कर दी है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अदाणी ने हेल्थकेयर सेवाएं देने के लिए एक अलग कंपनी बनाई है। नियामकीय फाइलिंग में यह जानकारी दी गई है। कंपनी का गठन 17 मई, 2022 को किया गया है। इस संबंध में अदाणी एंटरप्राइजेज की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, हेल्थकेयर क्षेत्र में अदाणी की कंपनी का नाम अदाणी हेल्थ वेंचर्स लिमिटेड (AHVL) है।
बता दें कि यह अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी के तौर पर कार्य करेगी। अदाणी हेल्थ वेंचर्स में मेडिकल और डायग्नोस्टिक सेवाएं भी शामिल होंगी। कंपनी की ओर से बताया गया कि नई कंपनी का पेडअप कैपिटल 1,00,000 रुपये होगा। यह मेडिकल और मेडिकल टेस्ट से संबंधित सेवाएं देने के अलावा हेल्थ टेक सुविधाएं भी मुहैया कराएगी।