जी-7 के वित्त मंत्रियों व बैंक प्रमुखों (वित्तीय नेतृत्व) की बैठक में अमेरिकी ऋण संकट, बढ़ती महंगाई पर चिंता व मुद्रास्फीति नियंत्रण पर प्रतिबद्धता जताई गई।
दुनिया के अमीर देशों के समूह जी-7 के शीर्ष वित्तीय नेतृत्व ने शनिवार को यूक्रेन के समर्थन व रूसी हमलों के विरुद्ध उस पर प्रतिबंध लागू रखने का संकल्प लिया। हालांकि उन्होंने चीन का खुलेतौर पर जिक्र नहीं किया। इसके साथ खत्म हुई जी-7 के वित्त मंत्रियों व बैंक प्रमुखों (वित्तीय नेतृत्व) की बैठक में अमेरिकी ऋण संकट, बढ़ती महंगाई पर चिंता व मुद्रास्फीति नियंत्रण पर प्रतिबद्धता जताई गई।
विज्ञापन
इस तीन दिनी वार्ता में सभी ने स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के विकास के लिए स्थिर और विविध आपूर्ति शृंखलाओं के निर्माण में सहयोग के लिए विश्व स्तर पर आर्थिक लचीलापन बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई। वित्तीय नेतृत्व ने अगले सप्ताह हिरोशिमा में जी-7 नेताओं शिखर सम्मेलन के लिए एक आधार तैयार किया, जिसमें अमेरिकी ऋण सीमा पर संकट के बावजूद राष्ट्रपति बाइडन शामिल हो सकते है।
वैश्विक आपूर्ति शृंखला में विविधता पर सहमति
जी-7 के वित्तीय नेतृत्व ने वर्ष के अंत तक वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता लाने के लिए एक योजना पर सहमति व्यक्त की। यह योजना ऊर्जा सुरक्षा की सुरक्षा में योगदान देगी। मसौदा विज्ञप्ति में कहा गया कि हम बैंकिंग प्रणाली में डाटा, पर्यवेक्षी और नियामक अंतराल को भी शामिल करेंगे। वर्तमान अध्यक्ष जापान ने आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता और बीजिंग पर उनकी भारी निर्भरता को घटाने पर जोर दिया।