इस साल अप्रैल में 5.99 लाख विदेशी पर्यटक भारत घूमने आए जो कि एक साल पहले की इसी अवधि के 5.42 लाख पर्यटकों के मुकाबले 10.7 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान सबसे ज्यादा पर्यटक बंगलादेश से आए। उसके बाद अमेरिका और ब्रिटेन के पर्यटकों का स्थान रहा।
इन पर्यटकों से 11,637 करोड़ रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा की आमदनी हुई। केन्द्रीय पर्यटक मंत्रालय द्वारा बुधवार को यहां जारी आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष जनवरी से अप्रैल के बीच कुल 31.08 लाख विदेशी पर्यटक भारत घूमने आए।
इससे एक वर्ष पहले इसी अवधि में 28.23 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए थे। यह 10 फीसदी से भी ज्यादा की बढ़ोतरी है। अप्रैल 2016 में सबसे ज्यादा पर्यटक बांग्लादेश से आए। कुल विदेशी पयर्टकों के आगमन में बांग्लादेश के पर्यटकों की हिस्सेदारी 18.09 फीसदी की रही। इसके बाद की हिस्सेदारी अमेरिका 12.24 फीसदी, ब्रिटेन 9.58 फीसदी, श्रीलंका 3.71 फीसदी और मलेशिया 3.23 फीसदी रही।
मंत्रालय के मुताबिक आलोच्य महीने के दौरान सबसे ज्यादा विदेशी पर्यटकों ने दिल्ली हवाई अड्डे के जरिये देश में प्रवेश किया जबकि दूसरे स्थान पर मुंबई रहा। दिल्ली से जहां 29.12 फीसदी विदेशी पर्यटक भारत आए वहीं मुंबई की हिस्सेदारी 16.85 फीसदी की रही। बीते अप्रैल में पर्यटकों से 11637 करोड़ रुपये के बराबर
विदेशी मुद्रा की आमदनी हुई जो कि एक वर्ष पहले के इसी महीने के 9,179 करोड़ रुपये के मुकाबले 15.3 फीसदी ज्यादा है।