Forex Reserves: देश का विदेशी मुद्रा भंडार 19 सिंतबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 39.6 करोड़ डॉलर घटकर 702.57 अरब डॉलर हो गया। वहीं स्वर्ण भंडार 36 करोड़ डॉलर बढ़कर 92.779 अरब डॉलर हो गया।
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 19 सिंतबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 39.6 करोड़ डॉलर घटकर 702.57 अरब डॉलर रह गया। पिछले रिपोर्टिंग सप्ताह में समग्र भंडार 4.698 अरब डॉलर बढ़कर 702.966 अरब डॉलर हो गया था।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक, विदेशी मुद्रा आस्तियां 86.4 करोड़ डॉलर घटकर 586.15 अरब डॉलर हो गईं। विदेशी मुद्रा आस्तियों में डॉलर के मुकाबले यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का भी असर शामिल होता है।
स्वर्ण भंडार बढ़कर 92.779 अरब डॉलर हो गया
आरबीआई ने कहा कि सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार 36 करोड़ डॉलर बढ़कर 92.779 अरब डॉलर हो गया। शीर्ष बैंक ने कहा कि स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (एसडीआर) 10.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.879 अरब डॉलर हो गए। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित स्थिति भी 20 लाख डॉलर बढ़कर 4.762 अरब डॉलर हो गई।