साल की शुरुआत में पहली बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली। तेल कंपनियों ने इन दोनों उत्पादों की कीमतों में 8 से 22 पैसे की बढ़ोतरी की है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी चेन्नई में की गई है। वहीं डीजल के दाम मात्र 8 पैसे बढ़े हैं।
अगर बात करें पेट्रोल की तो तेल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल ने दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में 21 पैसे की और चेन्नई में 22 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल की कीमतें सोमवार को क्रमश: 68.50 रुपये, 70.64 रुपये, 74.16 रुपये और 71.07 रुपये प्रति लीटर दर्ज गईं है। वहीं डीजल के दाम चारों महानगरों में 62.24 रुपये, 64.01 रुपये, 65.12 रुपये और 65.70 रुपये प्रति लीटर दर्ज किए गए।
कच्चे तेल की कीमतों में हुआ इजाफा
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसके चलते यह इजाफा हुआ है। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध की आशंका थमने के बाद तेल के दाम फिर से 55 डॉलर प्रति बैरल के पार चले गए हैं।
वायदा बाजार में भी बढ़े भाव
अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज पर ब्रेंट क्रूड के मार्च डिलीवरी अनुबंध में सोमवार को पिछले सत्र के मुकाबले 0.57 फीसदी की तेजी के साथ 57.74 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। वहीं, न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज पर अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट के फरवरी डिलीवरी अनुबंध में 1.52 फीसदी की तेजी के साथ 48.69 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।