दुनिया के सबसे रईस लोगों में पांच भारतीय महिलाओं ने भी अपनी जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। फोर्ब्स की ताजा सूची में दुनिया की 190 अरबपति महिलाओं को शामिल किया गया है, जो सूची में शामिल 1810 अरबपतियों का करीब 10 फीसदी हैं।
पिछले साल की तुलना में इस बार फोर्ब्स की सूची में अरबपति महिलाओं की संख्या में कमी आई है। 2015 में अरबपति महिलाओं की संख्या 197 थी। इस सूची में शामिल पांच भारतीय महिलाओं में से सावित्री जिंदल एंड फैमिली को 453वें स्थान पर रखा गया है, जिनकी संपत्ति 3.5 अरब डॉलर आंकी गई।
इसके अलावा बेनेट, कोलमैन एंड कंपनी की प्रमुख इंदु जैन को 3.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 549वें, स्मिता कृष्णा गोदरेज को 2.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 810वें और लीना तिवारी को 1.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 1067वें स्थान पर रखा गया है।
इस सूची में स्मिता को पहली बार शामिल किया गया है। इसके अलावा 1.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ विनोद गुप्ता को 1577वें स्थान पर जगह मिली है। वहीं, लोरेल की लिलिएन बेटनकोर्ट 36.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया की सबसे अमीर महिला बनीं, जिनको इस सूची में 11 स्थान पर जगह मिली।