Jan Dhan accounts: वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा, नागराजू ने प्रधानमंत्री जनधन योजना के खाताधारकों के लिए नए सिरे से केवाईसी प्रक्रिया शुरू करने के लिए सभी हितधारकों के साथ बैठक की।
वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू ने सोमवार को बैंकों को 10 साल पुराने जनधन खातों का नए सिरे से केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री जनधन योजना (पीएमजेडीवाई) 2014 में शुरू की गई थी। अगस्त, 2014 से दिसंबर, 2014 के दौरान करीब 10.5 करोड़ जनधन खाते खोले गए थे। इन खातों का अब 10 साल के बाद फिर केवाईसी होना है।
विज्ञापन
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा, नागराजू ने प्रधानमंत्री जनधन योजना के खाताधारकों के लिए नए सिरे से केवाईसी प्रक्रिया शुरू करने के लिए सभी हितधारकों के साथ बैठक की। बैठक में दोबारा केवाईसी करने के लिए एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और अन्य उपलब्ध डिजिटल चैनलों जैसे सभी माध्यमों में सभी प्रक्रियाएं अपनाने का सुझाव दिया।
सचिव ने बैंकों से कहा, वे पीएमजेडीवाई योजना की शुरुआत के समय वाले उत्साह के साथ काम करें और ग्राहकों को किसी भी असुविधा से बचाने के लिए फिर से केवाईसी का कार्य पूरा करें। जरूरत पड़े तो इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारी तैनात करें। उन्होंने कहा कि बैंकों को अन्य समकक्ष बैंकों द्वारा अपनाई गई सर्वोत्तम व्यवहार को लागू करने के लिए भी तत्पर रहना चाहिए।