गणेश चतुर्थी के दिन से देश के कई हिस्सों में फेस्टिव सीजन की शुरुआत हो जाती है। ऐसे में लोग वाहनों की बुकिंग भी करवाते हैं। लेकिन इस बार गणेश चतुर्थी के दिन केवल दिल्ली के चार में तीन शोरूम पर गाड़ियों की बुकिंग न के बराबर हुई है। तकरीबन यह हाल देश के अन्य राज्यों में भी देखने को मिला है।
अमर उजाला ने दिल्ली के चार अलग-अलग कंपनियों के शोरूम में बात की तो पता चला कि केवल छह गाड़ियों की बुकिंग तीन शोरूम में हुई है। एक शोरूम में कोई भी गाड़ी नहीं बिकी थी, हालांकि लोग पूछताछ के लिए आ रहे थे।
ऑटोमोबाइल कंपनियों के संगठन सियाम द्वारा जारी किए आंकड़ो के मुताबिक अगस्त में भी कई नामी कंपनियों की बिक्री में गिरावट देखने को मिली। मारुति सुजुकी, ह्यूंदै, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स की बिक्री में सबसे ज्यादा कमी आ गई है।
अगस्त में मारुति की बिक्री में 33 फीसदी गिरावट दिखी तो होंडा कार्स की बिक्री 51 फीसदी घट गई। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा और टोयोटा समेत अन्य वाहन कंपनियों की बिक्री में भी गिरावट दिखी। वाहन कंपनियों ने रविवार को पिछले महीने के बिक्री आंकड़े जारी कर यह जानकारी दी है।
देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि उसकी बिक्री लगातार 7वें महीने कम रही है। अगस्त में कुल बिक्री 32.7 फीसदी गिरकर 1,06,413 इकाई रही। कंपनी ने अगस्त 2018 में कुल 1,58,189 इकाइयां बेची थीं।
देश भर में फेस्टिव सीजन की शुरुआत सबसे पहले महाराष्ट्र से होती है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश, कर्नाटक और गुजरात जैसे राज्य भी शामिल हैं, जिनकी महाराष्ट्र से सीमा मिलती है। वहीं उत्तर भारत में नवरात्र से फेस्टिव सीजन शुरू होगा, जिसके आने में कुछ ही हफ्ते शेष हैं। बीच में 15 दिन श्राद्ध के होने की वजह से लोग किसी तरह का कोई नया काम शुरू नहीं करते हैं।
फेस्टिव सीजन में लोग इसलिए भी गाड़ी खरीदना पसंद करते हैं, क्योंकि कंपनियां सबसे ज्यादा छूट देती हैं। वहीं बैंकों की तरफ से लोन लेने के लिए कई तरह की स्कीम आती हैं, जिसके चलते लोग आसानी से लोन ले सकें।