त्योहारी मांग के दम पर इस साल नवरात्र में खुदरा बाजार में वाहनों की बिक्री ने छह साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस दौरान वाहनों की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर 18 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल नवरात्र में ट्रैक्टर को छोड़कर अन्य वाहनों की मांग मजबूत रही। इसके दम पर नवरात्र, 2023 ने मील का पत्थर स्थापित किया और नवरात्र, 2017 का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
नवरात्र में दोपहिया वाहनों की बिक्री में 22 फीसदी तेजी रही। तिपहिया वाहनों में 43 फीसदी, वाणिज्यिक वाहनों में 9 फीसदी व यात्री वाहनों में 7 फीसदी का उछाल रहा। हालांकि, अक्तूबर, 2023 में वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 7.73 फीसदी घटकर 21,17,596 इकाई रह गई। श्राद्ध की अवधि में दोपहिया वाहनों की खरीद में कमी से नई खरीदारी प्रभावित हुई है। इस दौरान दोपहिया वाहनों की बिक्री 12.60 फीसदी घटकर 15,07,756 इकाई रह गई।
तिपहिया व ट्रैक्टर समेत इन श्रेणी में रहा उछाल
- तिपहिया वाहनों की बिक्री अक्तूबर में 45.63 फीसदी बढ़कर 1,04,711 इकाई पहुंच गई।
- ट्रैक्टर की खुदरा बिक्री भी 58,823 इकाई से 6.15 फीसदी बढ़कर 62,440 इकाई पहुंच गई।
- वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री भी अक्तूबर में 10.26 फीसदी बढ़कर 88,699 इकाई पहुंच गई।
- हालांकि, यात्री वाहनों की बिक्री मामूली 1.35 फीसदी घटकर 3,53,990 इकाई रही।
श्राद्ध को छोड़ दें तो 13 फीसदी रही तेजी
फाडा के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने कहा, पिछले महीने अशुभ माना जाने वाला श्राद्ध काल 14 अक्तूबर तक रहा। इसलिए, ये आंकड़े भारतीय वाहन खुदरा क्षेत्र में वास्तविक वृद्धि को सटीक रूप से नहीं दिखाते हैं। अक्तूबर के पहले 15 दिन में (श्राद्ध का समय) सालाना आधार पर 8 फीसदी गिरावट देखी गई, लेकिन पूरे महीने की तुलना करने पर 13 फीसदी की वृद्धि दिखती है। यह अच्छी बाजार मांग का संकेत है।
देश में ईवी चार्जिंग स्टेशन की कमी...बन रहा कमाई का जरिया
देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग स्टेशनों की कमी रियल एस्टेट डेवलपर्स के लिए कमाई का जरिया बन गया है। रिसर्च फर्म कैनालिस का दावा है कि भारत में अधिक-से-अधिक डेवलपर्स संपत्ति के मूल्य को बढ़ावा देने व मकान खरीदारों को आकर्षित करने की उम्मीद में पार्किंग स्लॉट में ईवी चार्जर लगा रहे हैं। इसके एवज में वे उपभोक्ताओं से स्विमिंग पूल की तरह ही शुल्क वसूल रहे हैं।
435 ईवी के लिए सिर्फ एक चार्जिंग स्टेशन
भारत में इस साल की पहली छमाही में ईवी की बिक्री 137 फीसदी बढ़ी है। लेकिन, वर्तमान में देश में प्रति 435 ई-वाहनों के लिए सिर्फ एक चार्जिंग स्टेशन है। अमेरिका में एक चार्जिंग स्टेशन पर सिर्फ 26 ईवी ही चार्ज होते हैं।