देश में कोरोना महामारी की रफ्तार थमने के बाद अर्थव्यवस्था भी तेजी पकड़ने लगी है। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इंजीनियरिंग, पेट्रोलियम और रसायन जैसे क्षेत्रों में वृद्धि के कारण फरवरी में भारत का निर्यात 22.36 प्रतिशत बढ़कर 33.81 अरब डॉलर हो गया, जबकि व्यापार घाटा बढ़कर 21.19 अरब डॉलर पहुंच गया।
विज्ञापन
महीने के दौरान आयात भी लगभग 35 प्रतिशत बढ़कर 55 अरब डॉलर हो गया। फरवरी 2021 में व्यापार घाटा, आयात और निर्यात के बीच का अंतर 13.12 अरब डॉलर था।
अप्रैल 2021-फरवरी 2022 में भारत का माल निर्यात 374.05 अरब डॉलर रहा, जो अप्रैल 2020-फरवरी 2021 में 256.55 अरब डॉलर से 45.80 प्रतिशत अधिक था। 11 महीने की अवधि के दौरान आयात 59.21 प्रतिशत बढ़कर 550.12 अरब डॉलर हो गया। इस अवधि के दौरान व्यापार घाटा बढ़कर 176.07 अरब डॉलर हो गया, जो अप्रैल-फरवरी 2020-21 के दौरान 88.99 अरब डॉलर था।