इस साल फरवरी में नियुक्ति गतिविधि में एक साल पहले के मुकाबले 1 फीसदी की मामूली बढ़ोत्तरी दर्ज की गई और अगले कुछ महीनों तक नौकरी बाजार में उतार-चढ़ाव होते रहने की संभावना है। यह बात नौकरीडॉटकॉम की एक रिपोर्ट में कही गई।
फरवरी में नौकरी जॉब स्पीक सूचकांक की रीडिंग 1,960 रही, जो सालाना आधार पर 1 फीसदी और माह दर माह आधार पर 15 फीसदी ज्यादा है। माह दर माह आधार पर आईटी-सॉफ्टवेयर उद्योग की नियुक्तियों में फरवरी में 8 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि बीपीओ/आईटीईएस की नियुक्तियों में 21 फीसदी और तेल व गैस एवं बिजली की नियुक्तियों में 19 फीसदी की वृद्धि रही।
शहरवार आकलन दर्शाता है कि नौकरी बाजार में आए उछाल में प्रमुख मेट्रो शहरों में फरवरी में नियुक्ति गतिविधि में आई तेजी का योगदान रहा। दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बंगलूरू और चेन्नई के लिए सूचकांक में जनवरी के मुकाबले क्रमश: 20 फीसदी, 14 फीसदी, 12 फीसदी और 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी देखी गई।
अनुभव के मामले में ज्यादातर नई नौकरियां 8-12 साल और 13-16 साल अनुभव वाले लोगों के लिए निकली हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि 16 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वालों के लिए फरवरी में नौकरियों में इस साल जनवरी की तुलना में 13 फीसदी की वृद्धि रही।
सूचकांक की गणना मासिक आधार पर नौकरीडॉटकॉम साइट पर सूचीबद्ध होने वाली नौकरियों के आधार पर की जाती है।