केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई पूर्व वित्त सचिव अरविंद मायाराम के ठिकानों की तलाशी ले रही है। बताया जा रहा कि केंद्रीय एजेंसी ने यह कार्रवाई कथित भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में की है। सीबीआई के अनुसार पूर्व वित्त सचिव पर करेंसी छपाई के लिए दिए गए टेंडर में अनियमितता का आरोप है।
भारत जोड़ो यात्रा में हुए थे शामिल
पूर्व वित्त सचिव के खिलाफ यह कार्रवाई ऐसे समय पर की गई है जब कुछ समय पूर्व ही राजस्थान के अलवर में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में अरविंद मायाराम को राहुल गांधी के साथ देखा गया था। उसके कुछ ही घंटों के बाद यह कार्रवाई की गई है। मायाराम और उनकी पत्नी शैल को गांधी के साथ हाथ में हाथ डाले चलते देखा गया।
कांग्रेस ने लगाया यह आरोप
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि 'भारत जोड़ो यात्रा ' में शामिल होने की वजह से पूर्व वित्त सचिव अरविंद मायाराम के खिलाफ कार्रवाई की गई। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि यह मोदी सरकार की 'डराने, धमकाने और बदनाम करने ' की नीति के तहत हो रहा है और यह एक 'कायर की सोच ' है।