देश के प्रमुख यौगर्ट ब्रांड एपिगैमिया (Epigamia) के सह संस्थापक रोहन मीरचंदानी का हृदय गति रुकने के कारण निधन हो गया। वे 42 वर्ष के थे। उनकी मौत के बारे में एपिगैमिया की पैरेंट कंपनी ड्रम्स फूड इंटरनेशनल ने जानकारी दी है।बता दें कि इस कंपनी में बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने भी निवेश कर रखा है।
ड्रम्स फूड इंटरनेशनल ने अपने बयान में कहा कि एपिगैमिया परिवार में हम सभी इस क्षति पर गहरा शोक मनाएंगे। रोहन हमारे गुरु, मित्र और लीडर थे। हम उनके सपने को ताकत और जोश के साथ आगे बढ़ाने के अपने दृढ़ संकल्प पर कायम हैं। रोहन के विचार और मूल्य हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। ड्रम्स फूड ने आधिकारिक बयान में यह भी कहा कि हम उनके द्वारा रखी गई नींव का सम्मान करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि उनका सपना फलता-फूलता रहे।
जारी आधिकारिक बयान में यह भी बताया गया है कि एपिगैमिया का संचालन अब कंपनी के सीओओ और संस्थापक सदस्य अंकुर गोयल और सह-संस्थापक और निदेशक उदय ठक्कर द्वारा निदेशक मंडल के पूर्ण समर्थन के साथ प्रबंधित किया जाएगा, इस निदेशक मंडल में रोहन का परिवार, राज मीरचंदानी और प्रमुख निवेशक, वर्लिनवेस्ट और डीएसजी कंज्यूमर पार्टनर्स शामिल हैं। अंकुर गोयल और उदय ठक्कर ने भी बयान में कहा है कि रोहन हमारे गुरु, मित्र और लीडर थे। हम उनके दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बता दें कि रोहन मीरचंदानी एनएसयू स्टर्न एंड वार्टन स्कूल से स्नातक थे। उन्होंने साल 2013 में ड्रम्स फूड इंटरनेशनल की नींव रखी थी। ड्रम्स फूड इंटरनेशनल योगर्ट ब्रांड एपिगैमिया की पैरेंट कंपनी है। ड्रम्स फूड इंटरनेशनल के उत्पाद इस समय 30 शहरों में 20,000 से अधिक खुदरा दुकानों पर उपलब्ध है। इतना ही नहीं कंपनी 2025-26 तक मध्य पूर्व में विस्तार की भी योजना बना रही थी।