फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sovereign Gold Bond: 18 से 22 दिसंबर के बीच सोने में निवेश का अवसर, सरकार इस भाव पर दे रही खरीदने का मौका

Mon, 18 Dec 2023 02:48 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Sovereign Gold Bond: सरकार 18 दिसंबर से 22 दिसंबर 2023 के बीच सोना खरीदने का शानदार मौका दे रही है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम के तहत आप बाजार से कम भाव पर सोने की खरीदारी कर सकेंगे। आरबीआई की ओर से इस बार 999 शुद्धता वाले सोने के बॉन्ड का मूल्य 6,199 रुपये प्रति ग्राम रखा गया है।
विज्ञापन
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम। - फोटो : Pixabay
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर आप भी सस्ता सोना खरीदने के बारे में सोच रहे हैं, तो आज यानी 18 दिसंबर से 22 दिसंबर के बीच आपको शानदार मौका मिलने वाला है। सरकार आज से आपको बाजार से कम कीमत पर सोना खरीदने का मौका दे रही है। दरअसल, आज से सरकार, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) की तीसरी किस्त कर रही है और इसमें पांच दिनों तक आप सस्ते दाम पर सोने में निवेश कर सकेंगे। सरकार की तरफ से 18 दिसंबर को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB Scheme) की तीसरी किस्त जारी की जाएगी। इसके तहत 22 दिसंबर तक यानी पांच दिनों तक सोना खरीदा जा सकेगा।

कब हुई थी सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की शुरुआत?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नवंबर 2015 में सॉवरेन गोल्ड स्कीम की शुरुआत की थी, जिसकी पहली किस्त की मैच्योरिटी पूरी हो चुकी है। इस स्कीम के तहत आठ साल में 12.9 फीसदी सालाना के हिसाब से रिटर्न मिला है। 

पहले कब जारी किए गए थे एसजीबी के किस्त?

इससे पहले इस साल 19 जून से 23 जून तक पहली किस्त जारी हुई थी, वहीं इसकी दूसरी किस्त 11 सितंबर से 15 सितंबर तक खरीदारी के लिए खुली थी। सितंबर महीने में जारी किश्त के दौरान 5,923 रुपये प्रति ग्राम की दर से सोना बेचा गया था। 

इस बार किस भाव पर की जाएगी सोने की बिक्री?

RBI के मुताबिक, आप आज यानी सोमवार से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने के लिए अप्लाई कर सकते हैं। बीते शुक्रवार को केंद्रीय बैंक आरबीआई ने बताया था कि सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) योजना 2023-24 सीरीज-3 निवेश के लिए 18-22 दिसंबर, 2023 के दौरान खुली रहेगी। आरबीआई ने अपने बयान में कहा था कि 999 शुद्धता वाले सोने के बॉन्ड का मूल्य 6,199 रुपये प्रति ग्राम रखा गया है। ऐसे में आपको ग्राम सोने के लिए करीब 61,990 रुपये चुकाने होंगे।

ऑनलाइन भुगतान करने पर कितनी छूट मिलेगी?

वहीं, अगर आप गोल्ड बॉन्ड में निवेश के लिए ऑनलाइन पेमेंट करते हैं तो आपको अतिरिक्त फायदा मिलेगा। दरअसल, केंद्र सरकार ने ऑनलाइन आवेदन करने और डिजिटल पेमेंट करने वाले निवेशकों को अंकित मूल्य से 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट देने का फैसला किया है। एसजीबी (SGB) यानी सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की खरीदारी आप शेड्यूल कमर्शियल बैंकों (स्मॉल फाइनेंस बैंकों, पेमेंट बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को छोड़कर), स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SHCIL), नामित डाकघरों और स्टॉक एक्सचेंजों - नेशनल स्टॉक एक्सचेंज इंडिया लिमिटेड(NSE), बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड (BSE) के जरिए कर सकते हैं। इसके अलावा फरवरी 2024 में इस वित्त वर्ष के लिए सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की चौथी किश्त खुलेगी और इसके लिए 12 से 16 फरवरी की तारीख तय की गई है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तीसरी किस्त की कीमत तय नहीं की गई है।  

क्या होता है सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड?

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना के तहत सरकार एक तरह का पेपर गोल्ड या डिजिटल गोल्ड बेचती है। इसकी खरीदारी के बाद निवेशकों को एक सर्टिफिकेट मिलता है, जिसमें लिखा रहता है कि आप किस रेट पर सोने की कितनी मात्रा खरीद रहे हैं। डिजिटल गोल्ड को खरीदने पर रिटर्न मिलने की संभावना अधिक रहती है। एसजीबी स्कीम के तहत गोल्ड बॉन्ड में निवेश होता है, जिसे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जारी करता है। अगर फायदे देखा जाए, तो सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में सालाना 2.5 फीसदी का ब्याज मिलता है और यह गारंटीड रिटर्न होता है। इसके साथ ही इस स्कीम के तहत सोना खरीदने पर सरकार की तरफ से तय किए गए दाम पर अतिरिक्त छूट भी दी जाती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें