केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को राज्यसभा में कहा कि रोजगार के मोर्चे पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार सफल रही है। उन्होंने बताया कि श्रम ब्यूरो की सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार 2013-14 से पिछले सात वर्षों में देश में रोजगार में 22 फीसदी की वृद्धि हुई है।
नौ क्षेत्रों में दर्ज की गई बढ़ोतरी
राज्यसभा में एक पूरक प्रश्न के उत्तर में यादव ने कहा कि वित्त वर्ष 2013-14 की तुलना में पिछले सात वर्षों में रोजगार में 22 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। कृषि क्षेत्र के अलावा, परिवहन, शिक्षा, आतिथ्य, व्यापार जैसे अन्य नौ क्षेत्रों में रोजगार में बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, स्नातक स्तर की नौकरी चाहने वालों के बीच बेरोजगारी कम हुई है। रोगजार वृद्धि की दिशा में संचालित सरकार के विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों से रोजगार के अवसर पैदा होने में मदद मिली है।
ई-श्रम पोर्टल बना मददगार
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले महज छह महीनों के दौरान ही असंगठित क्षेत्र के 27 करोड़ कामगारों ने ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। बता दें कि 16 से 59 वर्ष की आयु का कोई भी असंगठित श्रमिक इस पोर्टल पर पंजीकरण के लिए पात्र है। सभी पंजीकृत कर्मचारी प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और कई अन्य लाभों के माध्यम से एक वर्ष के लिए दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर मुफ्त पाने के हकदार हैं।