लगातार 8 महीने की गिरावट के बाद मई 2025 में भारत में रोजगार सृजन 8.9% बढ़ा। इनडीड की रिपोर्ट के अनुसार, बाल देखभाल, शिक्षा, व्यक्तिगत देखभाल और विनिर्माण क्षेत्रों में तेजी से नौकरियां बनीं। जनरेटिव AI में रोजगार सृजन दोगुना से अधिक रहा।
देश में रोजगार सृजन लगातार आठ महीने की गिरावट के बाद मई, 2025 में 8.9 फीसदी बढ़ गया। रोजगार वृद्धि की यह दर अन्य देशों की तुलना में तेज है। हालांकि, सालाना आधार पर इसमें 1.8 फीसदी की मामूली गिरावट दर्ज की गई।
विज्ञापन
नौकरियों से जुड़ी वेबसाइट इनडीड की रिपोर्ट के मुताबिक, सालाना गिरावट के बावजूद भारत में रोजगार सृजन कोविड-19 महामारी के पहले की तुलना मंे करीब 80 फीसदी अधिक रहा। यह अन्य प्रमुख बाजारों की तुलना में अधिक है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि रोजगार सृजन मुख्य रूप से बाल देखभाल (27 फीसदी), व्यक्तिगत देखभाल व गृह स्वास्थ्य (25 फीसदी), शिक्षा (24 फीसदी) और उत्पादन-विनिर्माण (22 फीसदी) में हुआ। इसके अलावा, जनरेटिव एआई क्षेत्र में मई तक रोजगार सृजन 1.5 फीसदी रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना से भी अधिक है।
इनडीड के अर्थशास्त्री का क्या बयान
इनडीड के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के वरिष्ठ अर्थशास्त्री कैलम पिकरिंग ने कहा, भारत अधिक औपचारिक आर्थिक व्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। इसलिए, भारत में रोजगार सृजन अन्य देशों की तुलना में तेजी से बढ़ रहा है। जैसे-जैसे देश में बदलाव आएगा, औपचारिक क्षेत्र में रोजगार सृजन देशभर में समग्र नौकरी वृद्धि की तुलना में कहीं अधिक मजबूत होगा।