Core Sector Growth: भारत के आठ प्रमुख बुनियादी ढांचा क्षेत्रों की वृद्धि दर जून 2025 में घटकर 1.7 प्रतिशत रह गई, जो पिछले साल इसी महीने में पांच प्रतिशत थी। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
भारत के आठ प्रमुख बुनियादी ढांचा क्षेत्रों की वृद्धि दर जून 2025 में घटकर 1.7 प्रतिशत रह गई, जो पिछले साल इसी महीने में पांच प्रतिशत थी। इससे जुड़े सरकारी आंकड़े सोमवार को जारी किए गए। समीक्षाधीन माह के दौरान विस्तार मई की तुलना में थोड़ा अधिक है, जब इन क्षेत्रों में 1.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। पांच प्रमुख क्षेत्रों - कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, उर्वरक और बिजली - के उत्पादन में जून में नकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।
विज्ञापन
हालांकि, रिफाइनरी उत्पाद (3.4 प्रतिशत), इस्पात (9.3 प्रतिशत) और सीमेंट (9.2 प्रतिशत) उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। इस वित्त वर्ष की अप्रैल-जून अवधि में आठ क्षेत्रों में 1.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 6.2 प्रतिशत थी।
जून में कोयला उत्पादन में 6.8 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि कच्चे तेल का उत्पादन 1.2 प्रतिशत घटा। जून में प्राकृतिक गैस और उर्वरक उत्पादन में क्रमशः 2.8 प्रतिशत और 1.2 प्रतिशत की गिरावट आई। जून में बिजली उत्पादन में वर्ष-दर-वर्ष 2.8 प्रतिशत की गिरावट आई।