रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन के आवास पर ईडी ने की छापेमारी
- फोटो : एएनआई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आजकल घोटालेबाजों पर शिंकजा कसने के लिए कमर कसी हुई है। वह एक के बाद एक छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। अब ईडी ने रांची के पूर्व उपायुक्त और आईएएस अधिकारी छवि रंजन के घर पर छापा मारा है।
बताया जा रहा, जमीन घोटाला मामले में ईडी की टीम उनके कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। प्रवर्तन निदेशालय ने रंजन के पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में स्थित कई ठिकानों पर छापा मारा है।
बता दें कि छवि रंजन रांची के उपायुक्त रह चुके हैं। एजेंसी के मुताबिक, ईडी अधिकारी पश्चिम बंगाल में दो, जबकि बिहार में एक ठिकाने पर छानबीन कर रही है। रांची और जमशेदपुर में स्थित ठिकानों की भी तलाशी ली जा रही है।
गौरतलब है, नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में सीबीआई राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी से भी पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा ईडी ने राजद प्रमुख के परिवार के परिसरों में छापे मारे थे। ईडी ने छापेमारी के बाद कहा था कि उसने एक करोड़ रुपये की आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक नकदी बरामद की और अपराध में इस्तेमाल 600 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता लगाया है। लालू प्रसाद के परिवार और उनके सहयोगियों की तरफ से रियल एस्टेट समेत विभिन्न क्षेत्रों में किए गए और निवेश का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
क्या है नौकरी के बदले जमीन घोटाला
यह कथित घोटाला उस समय हुआ जब लालू प्रसाद कांग्रेस नीत केंद्र की यूपीए-1 सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि 2004-09 की अवधि के दौरान भारतीय रेलवे के विभिन्न क्षेत्रों में समूह ‘डी’ पदों पर विभिन्न व्यक्तियों को नियुक्त किया गया था और इसके बदले में संबंधित व्यक्तियों ने तत्कालीन रेल मंत्री प्रसाद के परिवार के सदस्यों को और इस मामले में लाभार्थी कंपनी ‘एके इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड’ को अपनी जमीन हस्तांतरित की थी।