एचडीएफसी बैंक की दुबई शाखा से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। स्थानीय नियामक ने अपनी दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर शाखा में नए ग्राहकों को जोड़ने से रोक दिया है। भारत के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े ऋणदाता एचडीएफसी बैंक ने बताया है कि उसने दुबई वित्तीय सेवा प्राधिकरण के नोटिस का अनुपालन करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं और नियामक के इस फैसले से बैंक के संचालन पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा। एचडीएफसी बैंक के खिलाफ किन उल्लंघनों के लिए कार्रवाई की गई है। इसकी सटीक जानकारी सामने नहीं आई है।
एचडीएफसी बैंक ने शुक्रवार की देर शाम एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे डीएफएसए से "नोटिस" मिला है। इसमें डीआईएफसी शाखा की ओर से ग्राहकों को दी जाने वाली वित्तीय सेवाओं से जुड़ी कथित उल्लंघनों और ग्राहकों की ऑनबोर्डिंग में गड़बड़ियों की बात कही गई है। एचडीएफसी बैंक ने बताया कि ग्राहकों से संपर्क करने पर रोक लगा दी गई है, लेकिन बैंक मौजूदा ग्राहकों को सेवा देना जारी रखेगा। एचडीएफसी बैंक ने बताया कि डीआईएफसी शाखा में संयुक्त खातों समेत 1,489 ग्राहक हैं।
एचडीएफसी बैंक ने कहा कि नियामकीय निर्णय तब तक लागू रहेगा जब तक बैंक को नियामक से लिखित में अपने निर्णय में संशोधन या उसे रद्द करने संबंधी सूचना नहीं मिल जाती। एचडीएफसी बैंक ने फाइलिंग में कहा, "बैंक ने नोटिस में दिए गए निर्देशों का पालन करने के लिए आवश्यक कदम पहले ही शुरू कर दिए हैं और डीएफएसए के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि डीएफएसए की चिंताओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।" एचडीएफसी बैंक का शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 945.15 रुपये पर बंद हुआ था।