अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रविवार को किए गए ट्वीट से दो दिन में दुनियाभर के बाजारों को करीब 95 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। ट्रंप ने चीन के 300 अरब डॉलर के उत्पादों पर ढाई गुना टैरिफ लगाने की बात कही थी, जिसके बाद व्यापार युद्ध गहराने की आशंका से दुनियाभर के बाजारों में हलचल मच गई थी।
जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट के वैश्विक निवेश सलाहकार कैरी क्रेग ने कहा कि व्यापार वार्ता आगे बढ़ती दिख रही है, लेकिन इससे जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। चीन और अमेरिका के मतभेद हमारे अनुमान से ज्यादा लंबे समय तक चल सकते हैं। इसका असर वृद्धि और निवेशकों की आय पर भी पड़ेगा।
ओआंदा एशिया पैसिफिक के वरिष्ठ बाजार विश्लेषक जेफ्री हैले का कहना है कि टैरिफ वार का असर निवेशकों की धारणा पर पड़ेगा और मुनाफा कमाने के लिए बिकवाली जोर पकड़ सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार गिरते शेयर बाजार इसी ओर इशारा कर रहे हैं कि निवेशकों में सतर्कता बढ़ रही है और वे अपना पोर्टफोलियो हल्का करने में लगे हैं। यह स्थिति बाजार में और गिरावट लाएगी।