भारत सहित पूरी दुनिया कोरोना वायरस से लड़ रही है। भारत में अब तक 600 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं 14 लोगों की मौत हो गई है। ऐसे में लोगों को राहत देने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कई उपायोंं का एलान किया। उन्होंने हर वर्ग का ध्यान रखते हुए उसे कुछ न कुछ दिया है। उन्होंने गुरुवार को 1.7 लाख करोड़ रुपये के विशेष पैकेज का एलान किया। आइए जानते हैं किसे क्या मिला
- जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.70 लाख करोड़ रुपये की घोषणा।
- कोरोना वायरस के संक्रमण में लोगों के इलाज में लगे डॉक्टरों, पैरामेडिकल कर्मियों, चिकित्सा सेवा कर्मियों को 50 लाख रुपये प्रति परिवार का बीमा कवर दिया जाएगा।
- राशन की दुकानों से 80 करोड़ परिवारों को अतिरिक्त 5 किलो गेहूं या चावल के साथ एक किलो दाल तीन महीने तक मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
- प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत 8.69 करोड़ किसानों को अप्रैल के पहले सप्ताह में दो-दो हजार रुपये की अग्रिम किस्त का भुगतान।
- मनरेगा के तहत दैनिक मजदूरी 182 रुपये से बढ़ाकर 202 रुपये, पांच करोड़ परिवारों को होगा लाभ।
- तीन करोड़ गरीब वृद्धों, गरीब विधवाओं और गरीब दिव्यांगों को एक-एक हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा।
- 20 करोड़ जनधन खाताधारक महिलाओं को अगले तीन महीने तक प्रति माह मिलेंगे 500 रुपये।
- उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को अगले तीन महीने तक मुफ्त मिलेगा रसोई गैस सिलिंडर, 8.3 करोड़ गरीब परिवारों को होगा लाभ।
- 63 लाख महिला स्वयंसेवी समूहों के लिए रहन- मुक्त कर्ज दोगुना कर 20 लाख रुपये किया गया, सात करोड़ परिवारों को होगा लाभ।
- कई कंपनियों के लिए अगले तीन महीने तक नियोक्ता और कर्मचारी दोनों का भविष्य निधि योगदान जमा करेगी सरकार।
- कर्मचारियों को भविष्य निधि खाते से 75 प्रतिशत जमा राशि अथवा तीन महीने के वेतन में जो भी कम हो उसे निकालने की अनुमति।
- कुल 1.7 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज का क्रियान्वयन तत्काल प्रभाव से होगा, नकदी एक अप्रैल से डालनी शुरू होगी